उत्तराखंड के चम्पावत में मुख्यमंत्री धामी ने ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ……..
चम्पावत: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹123.79 करोड़ की लागत से 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से 9 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने ₹3.49 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया तथा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद को शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम तथा अन्य जनोपयोगी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर एवं माँ वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में आधुनिक आईएसबीटी एवं मीडिया सेंटर का निर्माण, लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना जैसे कार्य भी प्रगति पर हैं।

उन्होंने कहा कि आज लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाएँ विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं, जो युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापार व पर्यटन को नई दिशा प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को सभी विकास परियोजनाओं की शुभकामनाएँ देते हुए विकास यात्रा में जनसहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


