उत्तराखंड में यहाँ जाम के चलते रेलवे फाटक नहीं हुआ बंद, ट्रैक पर 30 मिनट तक रुकी रही ट्रेन………..

ऋषिकेश: स्वतंत्रता दिवस सप्ताहांत पर ऋषिकेश में पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण भीषण जाम लग गया। जाम के चलते मंशा देवी रेलवे फाटक बंद नहीं हो सका, जिससे ऋषिकेश-हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन को 30 मिनट तक ट्रैक पर रोकना पड़ा।

तीर्थ नगरी ऋषिकेश में स्वतंत्रता दिवस पर सप्ताहांत के चलते पर्यटक वाहनों का भीषण दबाव रहा। वाहनों के भीषण जाम के कारण मंशा देवी रेलवे फाटक बंद करना मुश्किल हो गया। फाटक बंद न होने के कारण ऋषिकेश-हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन को फाटक से 50 मीटर की दूरी पर अचानक रोकना पड़ा।

करीब 30 मिनट ट्रेन रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। किसी तरह फाटक को बंद कराने के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। अचानक ट्रेन को बीच ट्रैक पर रोकने से यात्री चिंतित दिखे।

शनिवार को स्वतंत्रता दिवस और अगले दिन रविवार होने के चलते उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ आदि राज्यों से पर्यटकों ने ऋषिकेश का रुख किया। शनिवार को सुबह से ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर भीषण जाम देखने को मिला।

वाहनों का दबाव अधिक होने से तपोवन, लक्ष्मणझूला की ओर जाने वाले वाहनों को बाईपास मार्ग से इंद्रमणि बडोनी चौक की ओर रवाना किया गया। सुबह 11 बजे से श्यामपुर बाईपास चौकी से एआरटीओ कार्यालय तक लंबा जाम लगता नजर आया।

दोपहर करीब 12.10 बजे योगनगरी से हरिद्वार की ओर से पैसेंजर ट्रेन रवाना की गई, जिससे करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित मंशा देवी फाटक को रेलवे कर्मियों ने बंद करने का प्रयास किया, लेकिन हरिद्वार रोड से लेकर बाईपास मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा।

फाटक के भीतर दोपहिया व चौपहिया वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। ऐसे में फाटक बंद करना संभव नहीं हो पाया। मजबूरन फाटक कर्मी व आरपीएफ जवानों ने रेलवे मास्टर व लोको पायलट को सूचना भेजी, जिसके बाद लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए फाटक से उचित दूरी पर पहले ही ट्रेन को रोक दिया।

इसके बाद लोको पायलट फाटक बंद होने का इंतजार करता रहा, करीब 25 से 30 मिनट के बाद फाटक को बंद किया जा सका। जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।