उत्तराखंड की राजधानी में यहाँ भारी बारिश के बीच जंगल में फंसे स्टूडेंट्स, SDRF बनी देवदूत, उफनती नदी के ऊपर पाइप से किया रेस्क्यू………….
देहरादून: देहरादून के यूपीईएस विश्वविद्यालय के 06 छात्र नदी के बीच फंस गए। जिन्हें एसडीआरएफ ने सकुशल रेस्क्यू किया। घटना सोमवार की है। बताया गया कि उक्त छात्र ट्रेकिंग के लिए स्वारना नदी, मिसरास पट्टी, थानो गांव, देहरादून क्षेत्र में गए थे। वापस आते समय अचानक हुई तेज बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे छात्र जंगल में ही फंस गए।

उफनती नदी के ऊपर पाइप से रेस्क्यू
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र और बढ़े हुए जलस्तर के कारण टीम ने लगभग छह किलोमीटर पैदल ट्रेकिंग कर उफनती नदी के ऊपर पाइप से सभी छह छात्रों को सकुशल रेस्क्यू किया और उन्हें जिला पुलिस के सुपुर्द किया। रेस्क्यू किए गए सभी छात्र यूपीईएस के हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।
अर्पण यदुवंशी, सेनानायक एसडीआरएफ ने सभी पर्यटकों और छात्रों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के पास न जाएं और मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही ट्रेकिंग पर निकलें।


