उत्तराखंड के कॉलेजों में बनेंगे जिम, पढ़ने के साथ सेहत बनाएंगे विद्यार्थी……..
हल्द्वानी: नशा युवाओं को नरक में धकेल रहा है। जो समाज व राष्ट्र के लिए भी घातक है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़कर सेहतमंद रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उच्च शिक्षा विभाग भी इसे लेकर लगातार पहल कर रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के 114 राजकीय महाविद्यालयों में जिम की व्यवस्था करने की तैयारी है। साथ ही खेलों की आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। करीब 28.82 करोड़ रुपये की धनराशि से सामान दिया जाएगा।
संजीवनी विकास जनकल्याण समिति दिल्ली के सहयोग से कॉलेजों को जिम और खेलों का सामान मिलेगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने संस्था संग एमओयू कर लिया है। समिति अपनी सामाजिक सहयोग निधि से करीब 28.82 करोड़ रुपये प्रदान करेगी। इसे लेकर सभी महाविद्यालयों से प्रस्ताव मांग लिए गए हैं। जल्द कागजी प्रक्रिया को पूरा कर सरकारी कॉलेजों में सामग्री स्थापित करा दी जाएगी। ऐसे में छात्र-छात्राएं पढ़ने के साथ सेहत भी बना पाएंगे। साथ ही अकादमिक और खेलों के क्षेत्र में उनका विकास हो पाएगा।
जिम व खेल का यह सामान मिलेगा
वेटलिफ्टिंग मेन्स ओलिंपिक सेट, वेट लिफ्टिंग विमेंस ओलिंपिक सेट, प्रोफेशनल हाफ केज-प्रो विथ बेंच, ओलिंपिक वेटलिफ्टिंग प्लेटफार्म, ओलिंपिक डंबल सेट, प्रोफेशनल डंबल सेट, इंटरनेशनल मानक वालीबाल पोल, नेट और वालीबाल।
कॉलेजों को जिम और खेलों की सामग्री प्रदान करने की योजना है। दिल्ली की संस्था के सहयोग से सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इसे लेकर सभी कॉलेजों से प्रस्ताव मंगवा लिए गए हैं। जल्द प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। :प्रो. एएस उनियाल, संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा।


