उत्तराखंड में देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर आग का गोला बनी चलती कार, ऐसे बची चालक की जान………
देहरादून: देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हर्रावाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई।
गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट के बाद धधक उठी कार
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर हर्रावाला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय कार पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चालक ने समय रहते बचाई जान
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार हिमांशु जोशी, निवासी डालनवाला, देहरादून चला रहे थे।
कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। हिमांशु जोशी ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
चालक ने बताई आग लगने की वजह
चालक के अनुसार, वाहन चलते समय अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि, समय पर पुलिस और फायर सर्विस की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, जबकि वाहन को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।


