उत्तराखंड में आज ₹676 करोड़ की सौगात: धामी सरकार ने विकास योजनाओं को दी बड़ी रफ्तार……….
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित के निर्माण कार्यों के लिए ₹676 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से प्रदेश में स्वच्छ हरित ऊर्जा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शहरी स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और उच्च शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में 200 सोलर लाइटों की स्थापना के लिए ₹35 लाख तथा नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹3.07 करोड़ मंजूर किए हैं।
देहरादून नगर निगम के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट और सीसीएमएस सिस्टम स्थापित करने के लिए ₹1.95 करोड़, नगर निगम पिथौरागढ़ में ₹1.99 करोड़ तथा देहरादून नगर निगम के अन्य क्षेत्रों में ₹3.93 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है।
नैनीताल जिले की कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए ₹2.13 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कुमाऊं मंडल में 33/11 केवी सब-स्टेशन, विद्युत लाइन एवं फीडर निर्माण, यूजेवीएनएल की परियोजनाओं तथा केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत विद्युत अवसंरचना के विकास के लिए भी बड़ी धनराशि मंजूर की गई है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अगस्त्यमुनि में विज्ञान संकाय के पीजी भवन निर्माण हेतु ₹19 करोड़ की योजना को मंजूरी मिली है।
इसके अलावा पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप समस्त जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ तथा प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को ₹325.03 करोड़ की दूसरी त्रैमासिक किश्त जारी करने का भी अनुमोदन दिया गया है।
सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय निकायों की विकास योजनाओं को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सेवाओं का लाभ मिलेगा।


