उत्तराखंड में चुनाव आयोग के बाहर कांग्रेस नेताओं का धरना, SIR में गड़बड़ी का विरोध…….

देहरादून: उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के दफ्तर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्होंने ज्ञापन सौंपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोका। ऐसे में नेताओं ने दफ्तर के बाहर धरना दे दिया।

उत्तराखंड में SIR से जुड़े मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने जमकर विरोध किया। गुरुवार को कांग्रेस के कई नेता निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुंचे। कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, गुरदीप सिंह सप्पल और पवन खेड़ा जैसे कई नेताओं ने ECI दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वो उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों को लेकर निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।

ज्ञापन सौंपने से रोके जाने के विरोध में सभी कांग्रेस नेता भारत निर्वाचन आयोग के मेन गेट के बाहर ही जमीन पर बैठ गए और धरना दे दिया।

जमकर हुई नारेबाजी
धरने पर बैठे नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वो ‘चुनाव आयोग होश में आओ, होश में आओ’, ‘चुनाव आयोग ज्ञापन लो’, ‘लोकतंत्र की हत्यारी ये सरकार नहीं चलेगी’ और ‘संविधान विरोधी ये सरकार नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाते दिखे।

निर्वाचन आयोग दफ्तर के बाहर सुरक्षा बलों और पुलिस की भारी तैनाती देखी गई। मेन गेट को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया।