उत्तराखंड में भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, देहरादून और नैनीताल में 40 डिग्री पहुंचेगा पारा, मौसम विभाग की भविष्यवाणी ने डराया……..
देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी अपना कहर बरपाने लगी है. राज्य के मैदानी जिलों में भी खूब गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग का कहना है कि 19 मई को मौसम शुष्क रहेगा. ऐसे में जानिए आपके शहर में अगले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहने वाला है?
अगले चार दिनों तक उत्तराखंड में प्रचंड गर्मी का प्रकोप सहना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में इजाफा हो सकता है. हरिद्वार, उधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रहने की संभावना है. उत्तराखंड के सभी जिलों में 19 मई को मौसम शुष्क रहेगा।
कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम।
अगले चार दिनों के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में 1 से 3 डिग्री तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई है. 18 मई से 22 मई तक कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है. मैदानी जिलों में 20 मई से 22 मई के बीच तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. अगले चार दिन यानी 22 मई तक हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।
जानिए कैसा रहेगा तापमान।
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री के ऊपर जा सकता है। वहीं उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है. जबकि, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत तथा निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 20 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रह सकता है. देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस और टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत के अलावा निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का पूर्वानुमान है. ऐसे ही 22 मई तक हालात रहेंगे।
सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी
उधर, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी कर दी है. जिसमें संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. एडवाइजरी के जरिए सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि अत्यधिक गर्मी के प्रभाव को देखते हुए आमजन को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए। दोपहर में अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाए. स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन एवं गर्मी जनित बीमारियों से निपटने हेतु अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें ध्यान
बुजुर्गों और बच्चों को खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है. पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, विद्यालयों, निर्माण स्थलों एवं बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।


