रोज वही सादे चावल खाना छोड़ें, आलू डालकर झटपट बनाएं टेस्टी चुकंदर राइस, चेहरे पर भी आने लगेगा गुलाबी निखार………..
देहरादून: अगर आपके घर में भी रोज एक तरह के सादे चावल बनते हैं तो इस बार कुछ अलग ट्राई करें। जी हां, अपने सादे चावलों में चुकंदर का टेस्टी ट्विस्ट दीजिए। इससे आपको अलग फ्लेवर तो मिलेगा ही, साथ ही चुकंदर के ढेरों पोषक तत्व भी मिलेंगे।
चुकंदर सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। लेकिन अपने कसैले और हल्के मीठे स्वाद की वजह से बच्चे और बुजुर्ग इसे सलाद या जूस के रूप में खाना पसंद नहीं करते। अगर आपके घर में भी लोग चुकंदर देखकर मुंह बनाते हैं तो लंच में उन्हें सादे चावल की जगह अदरक-लहसुन और खड़े मसालों के तड़के से बने चटपटे चुकंदर राइस बनाकर खिलाएं।
इसका मनमोहक डार्क पिंक रंग और अदरक-लहसुन का तीखा चटपटा फ्लेवर चुकंदर के कसैलेपन को पूरी तरह छिपा देता है, जिससे हर कोई इसे बहुत चाव से खाता है।
अदरक-लहसुन वाले चटपटे चुकंदर राइस की सामग्री-
उबले/पके हुए चावल (बचे हुए या ताजे) – 2 कप
चुकंदर (कद्दूकस किया हुआ) – 1 कप
बारीक कटा लहसुन – 1 बड़ा चम्मच
कद्दूकस किया अदरक – 1 बड़ा चम्मच
प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
राई (सरसों के दाने) – 1 छोटा चम्मच
उड़द दाल व चना दाल – 1/2-1/2 छोटा चम्मच (क्रंच के लिए)
कढ़ी पत्ता – 8-10
काजू – 8-10 (हल्का रोस्ट किया हुआ)
गरम मसाला व पाव भाजी मसाला – 1/2-1/2 छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)
नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
बनाने का तरीका-
एक कढ़ाई में तेल या घी गरम करें. इसमें राई, उड़द दाल, चना दाल, काजू और कढ़ी पत्ता डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
अब इसमें बारीक कटा लहसुन, कद्दूकस किया अदरक और हरी मिर्च डालें। इसे 1 मिनट तक चलाएं ताकि लहसुन और अदरक का कच्चापन दूर हो जाए और बढ़िया खुशबू आने लगे।
अब कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का गुलाबी होने तक मध्यम आंच पर भूनें।
अब कद्दूकस किया हुआ चुकंदर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। कढ़ाई को ढककर 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि चुकंदर हल्का सॉफ्ट हो जाए।
अब इसमें गरम मसाला और पाव भाजी मसाला मिलाएं। यह मसाला चुकंदर के मीठेपन को काटकर चावल को एकदम चटपटा और स्पाइसी फ्लेवर देता है।
अब पके हुए चावल कढ़ाई में डालें और हल्के हाथों से चलाएं ताकि सारे मसाले और चुकंदर का खूबसूरत रंग चावलों पर एकसमान चढ़ जाए।
2 मिनट तक ढककर धीमी आंच पर भाप दें। फिर गैस बंद करें, ऊपर से ताजा नींबू का रस और हरा धनिया डालकर मिलाएं। इसे रायते या पापड़ के साथ गरमा-गरम सर्व करें।


