दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पैदल यात्रियों की राह होगी आसान, बनेंगे 3 नए फुट ओवरब्रिज……….

देहरादून: पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (NH-709B) पर पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए दो फुट ओवरब्रिज (एफओबी) बनाए जाएंगे। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को गीता कॉलोनी/गांधी नगर और रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर में बनने वाले दोनों एफओबी का शिलान्यास किया। दोनों एफओबी में लिफ्ट की सुविधा भी मिलेगी। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि एफओबी से लोगों और गांधी नगर आने वाले लोगों को फायदा मिलेगा।

भजनपुरा में भी बनेगा एक एफओबी
पूर्वी दिल्ली में दो एफओबी के अलावा भजनपुरा-गढ़ी मेंडू के पास एक और फुट ओवरब्रिज को मंजूरी दी गई है। यह एफओबी एनएच-709बी के करीब 10+800 किलोमीटर पर बनाया जाएगा। तीनों एफओबी के निर्माण की कुल अनुमानित लागत 12.8 करोड़ रुपये है। इससे एक्सप्रेसवे के अलग-अलग हिस्सों में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग की सुविधा बढ़ेगी।

एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग और सुविधाएं
हर्ष मल्होत्रा ने मीडिया रिपोर्ट्स में कहा कि एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे पार्किंग सुविधा शुरू की गई है। साथ ही एनएच-709बी के दिल्ली वाले हिस्से के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके तहत एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे की जगह का बेहतर इस्तेमाल करते हुए पार्किंग के साथ ईवी चार्जिंग स्टेशन, शौचालय और दूसरी जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

सोलर पैनल भी लगाए जा रहे
दिल्ली वाले हिस्से के एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोलर पैनल लगाने का काम भी चल रहा है। इनका इस्तेमाल हाईवे से जुड़ी बिजली की जरूरतों के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी इसे एक कदम बताया गया है।