उत्तराखंड में 54 पदों पर सीधी भर्ती, 26 नवंबर तक करें आवेदन………

हरिद्वार: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य (सिविल) अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के तहत विभिन्न विभागों में 54 पदों पर सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसी तिथि तक निर्धारित आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा।

भर्ती के तहत राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के 13 पद, आबकारी विभाग में आबकारी निरीक्षक के चार पद, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में पूर्ति निरीक्षक के दो और विपणन निरीक्षक के 20 पद शामिल हैं।

इसके अलावा श्रम विभाग में श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पांच, पंचायती राज विभाग में कर अधिकारी (जिला पंचायत) के पांच, गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का एक तथा गन्ना विकास निरीक्षक के चार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, आवेदन पत्र में संशोधन के लिए तीन दिसंबर से 12 दिसंबर तक का अवसर दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।