उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन का शुल्क 50 फीसदी बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा प्रस्ताव……..
देहरादून: उत्तराखंड बोर्ड ने परीक्षा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन शुल्क में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव शासन को भेजा है। मंजूरी मिलने पर शिक्षकों को बढ़ा पारिश्रमिक मिलेगा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं जांचने वाले शिक्षकों को इस बार बढ़ा हुआ पारिश्रमिक मिलने की उम्मीद है। बोर्ड ने मूल्यांकन शुल्क में 50 फीसदी की बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बोर्ड परीक्षा की एक उत्तरपुस्तिका जांचने के लिए हाईस्कूल के परीक्षक को 10 रुपये और इंटरमीडिएट के परीक्षक को 14 रुपये पारिश्रमिक दिया जाता है। लंबे समय से मूल्यांकन शुल्क बढ़ाने की मांग उठ रही है। बोर्ड के सचिव विनोद कुमार डोंडियाल ने बताया कि ऐसे में बोर्ड ने शिक्षकों को राहत देने के उद्देश्य से शुल्क में 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
हाईस्कूल की एक कॉपी जांचने का पारिश्रमिक 15 रुपये और इंटरमीडिएट की कॉपी जांचने का पारिश्रमिक 21 रुपये हो जाएगा। हालांकि, प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय शासन की मंजूरी के बाद ही होगा। इससे मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।


