उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से बदला मौसम,31 अक्टूबर को पहाड़ों में आकाशीय बिजली का अलर्ट, तीन नवंबर से मौसम शुष्क रहने का अनुमान………

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को भी पिथौरागढ़ और चंपावत जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं वर्षा हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादल छाए रहे। बारिश और बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है।

अगले तीन घंटे इन चार जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी तत्कालिक मौसम चेतावनी के अनुसार शुक्रवार रात 8:49 बजे से 11:49 बजे तक चंपावत, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपदों के कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गंगोत्री, यमुनोत्री, भटवाड़ी, प्रतापनगर, चमियाला, मुनस्यारी, दारमा, रिलकोट, धारचूला, लोहाघाट और देवीधुरा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में हल्की आंधी-तूफान के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के वर्षा मापन केंद्रों पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार खटीमा में 29.5 मिमी, गंगोत्री में 23 मिमी, चंपावत में 14 और 13.5 मिमी, चल्थी में 13 मिमी, पाटी में 10 मिमी, लोहाघाट एएसजी में 9.4 मिमी, पंचेश्वर में 8.5 मिमी, देवीधुरा में 8 मिमी, लोहाघाट में 8 मिमी, झूलाघाट में 7 मिमी और गौचर में 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, पिछले तीन घंटों के दौरान खटीमा में 21 मिमी, चंपावत में 10 और 9.5 मिमी, पंचेश्वर में 7 मिमी तथा लोहाघाट में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

कल पर्वतीय जिलों में गरज-चमक और बिजली का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 31 अक्टूबर को भी प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

एक और दो नवंबर को भी बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक एक नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

दो नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, एक नवंबर से किसी भी जनपद के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

तीन नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार तीन नवंबर से प्रदेशभर में मौसम के पूरी तरह शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। चार और पांच नवंबर को भी सभी जनपदों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। यानी नवंबर के शुरुआती दो दिनों के बाद प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में विराम आने की संभावना है।

बारिश-बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड, छह डिग्री गिरा पारा
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से आठ डिग्री कम था। लगातार दूसरे दिन तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ गया है।