उत्तराखंड में बारिश के बीच येलो अलर्ट, जानिए प्रदेश से कब विदा होगा मानसून……..
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान चौखुटिया में सर्वाधिक 37 मिमी बारिश दर्ज की गई। टनकपुर में 27.5 मिमी, देवीधुरा में 20 मिमी और अल्मोड़ा में 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बौछारें पड़ सकती हैं। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के साथ भूस्खलन ने बढ़ाई चुनौती
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पौड़ी में मंगलवार को लैंडस्लाइड के कारण पाबौ बाजार में छह दुकानों को खाली कराना पड़ा। यहां 25 से अधिक दुकानों पर खतरा बना हुआ है।
वहीं, बागेश्वर में एनएच गरुड़-बागेश्वर-रवाईखाल पर पहाड़ दरकने से यातायात बाधित हो गया था। बाद में मार्ग को खोल दिया गया।
मौसम विभाग ने 10 से 12 सितंबर के दौरान देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज बारिश की संभावना जताई है।
चार डिग्री तक बढ़ा अधिकतम तापमान
देहरादून में मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिली रही। शाम के समय आंशिक रूप से बादल जरूर छाए, लेकिन धूप के कारण अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। इसके चलते उमस और गर्मी का असर भी बढ़ा है। हालांकि, प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश की तीव्रता में कमी आई है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बौछारों का सिलसिला जारी है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
10 सितंबर: देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
11 सितंबर: देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। सभी जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
12 सितंबर: देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
सितंबर के आखिर तक विदा हो सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 20 सितंबर के बाद उत्तराखंड से मानसून की विदाई धीरे-धीरे शुरू होने की संभावना है। सितंबर के अंत तक प्रदेश से मानसून पूरी तरह विदा हो सकता है। पिछले वर्ष उत्तराखंड से मानसून की विदाई 26 सितंबर को हुई थी। इस वर्ष भी करीब 25-26 सितंबर के आसपास मानसून की प्रदेश से विदाई होने का अनुमान जताया गया है।
इस मानसून सीजन में प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। फिलहाल आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।


