उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS और PCS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी……..

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 17 अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। फेरबदल में प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव के साथ एक आईपीएस और पीसीएस अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों से महत्वपूर्ण विभाग वापस लिए गए हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव एल. फैनई को उनके वर्तमान विभागों के साथ आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग हटा दिया गया है। उनके पास निर्वाचन और जलागम से जुड़े दायित्व बने रहेंगे।

आईएएस रणजीत कुमार सिन्हा से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईएएस बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास (खनन), आबकारी और खनन महानिदेशक का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग सौंपा गया है।

अपर सचिव स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आईएएस विनीत कुमार से श्रम विभाग हटाकर जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस मनुज गोयल को उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के वर्तमान दायित्वों के साथ वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आईएएस मेहरबान सिंह बिष्ट से सहकारिता विभाग हटाकर गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईएएस अभिनव शाह को पर्यटन विभाग के वर्तमान दायित्वों के साथ सहकारिता विभाग भी सौंपा गया है।

पीसीएस अधिकारियों में बीएस चलाल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पीसीएस इलागिरी से दुग्ध विकास विभाग हटाकर उन्हें अपर आयुक्त, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सचिवालय सेवा के अधिकारियों में अपर सचिव विक्रम यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। वह सचिवालय प्रशासन विभाग देखते रहेंगे। वहीं अपर सचिव महिमा रौंकली को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ वन विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।