उत्तराखंड में पूर्व CM त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई का निधन, मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि……..

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने देहरादून के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से परिजनों में शोक की लहर है।

बृजमोहन सिंह रावत के निधन की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को देहरादून के डिफेंस कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में ईश्वर परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना भी की।

बृजमोहन सिंह रावत के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा।