उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी संग थिरकी ‘हनुमान अंश’ की टीम, किया पहाड़ी डांस, CM ने बजाया ढोल………

देहरादून: फिल्म हनुमान अंश की टीम उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिली। इस अवसर पर पहाड़ी संस्कृति का जश्न मनाया गया, जिसमें सीएम धामी समेत सभी ने झोड़ा डांस किया और ढोल बजाया।

फिल्म हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर डंका बज रहा है। इसे थियेटर्स में लगे हुए 60 दिन पूरे होने जा रहे हैं। मूवी का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 423 करोड़ के पार हो गया है। नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी ये फिल्म जिसने भी देखी, उसका मुरीद हो गया है। हाल ही में फिल्म की टीम उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिली।

सीएम धामी संग कैसी रही मुलाकात।
इस मुलाकात के वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। खटीमा में हुए एक इवेंट में हनुमान अंश की टीम को सम्मानित किया गया। फिल्म की टीम को नीम करोली बाबा की फोटो सौंपी गई। पहाड़ी संस्कृति की झलक यहां पर दिखी। फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्य समेत बाकी सितारों ने सीएम धामी के साथ पहाड़ी डांस किया।

सीएम धामी के इंस्टा पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है जिसमें हनुमान अंश की सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। सबने मिलकर झोड़ा (पहाड़ी सांस्कृतिक डांस) किया। सीएम ने ढोल बजाया। उनके मंत्रिमंडल के बाकी लोगों ने भी जश्न में हिस्सा लिया। इवेंट में शोभिनव सत्य के अलावा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, रागिनी सोना भी नजर आईं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- संत, महात्माओं और गुरुओं की पवित्र भूमि है उत्तराखंड।

डायरेक्टर की खास अपील
दूसरी तरफ, हनुमान अंश की नॉनस्टॉप कमाई के बीच श्रद्धालुओं में नीम करोली बाबा के प्रति आस्था बढ़ी है। रोजाना हजारों की तादाद में लोग कैंची धाम महाराज जी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बीते वीकेंड में कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ के नजारे ने सबको हक्का बक्का कर दिया। रास्ता चक्का जाम हो गया है। लोग परेशान हो रहे हैं।

इसे देखते हुए फिल्म के डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बाबा के भक्तों से खास अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से कहा कि कैंची धाम जाने से पहले वहां के हालात और व्यवस्थाओं की सही जानकारी लें। ताकि लंबी कतारों से बचा जा सके. विशाल ने लोगों को कहा कि नीम करोली बाबा हर भक्त के दिल में बसते हैं।