उत्तराखंड में नारी शक्ति का सम्मान, धामी सरकार नवमी पर सभी प्रखंडों में करेगी 9 देवियों को सम्मानित……….

हल्द्वानी: धामी सरकार शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर प्रदेश के सभी प्रखंडों में नौ देवियों का सम्मान करेगी। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसी महिलाओं का चयन किया जाएगा, जो देश व प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं। इनमें चिकित्सा, शिक्षा, खेल, समाजसेवा व अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

चार अक्टूबर को चंपावत में होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। शारदीय नवरात्र पर जब पूरा देश देवी के नौ रूपों की आराधना कर खुद को धन्य कर रहा होगा, तब इस प्रस्ताव के जरिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे देश को देवभूमि से नारी सशक्तीकरण का संदेश देंगे।

धामी सरकार महिलाओं की उन्नति व प्रगति के लिए पहले से ही कई योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना शामिल है।

यही नहीं, धामी सरकार ने सरकारी नौकरियों में उत्तराखंड की मूल निवासी महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण भी प्रदान किया है। अब वह नवमी पर प्रत्येक प्रखंड में नौ-नौ महिलाओं को सम्मानित करने की पहल करने जा रही है। संभवतः ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा।