उत्तराखंड में नवरात्रि के पहले दिन सीएम धामी ने मां दुर्गा की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की………

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष महत्व रखता है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना की जाती है। यह पर्व हमें मातृशक्ति की उपासना के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने की प्रेरणा भी देता है।

उन्होंने कहा कि देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है।

मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बालिकाओं के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा है। नवरात्रि का पर्व समाज को नारी शक्ति के महत्व को समझने और उसका सम्मान करने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुखद, शांतिपूर्ण और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सभी से नवरात्रि पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।