उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा का महामंथन आज, नितिन नवीन की अध्यक्षता में तय होगी मिशन 2027 की रणनीति……..

हल्द्वानी: शुद्धीकरण विवाद के बीच भाजपा का महामंथन नौ सितंबर की सुबह से हल्द्वानी में शुरू हो जाएगा। इसके लिए पार्टी की नई टीम की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक होनी है, जिसमें राजनीतिक एजेंडे के तहत मिशन-2027 केंद्र बिंदु में रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशन में आगामी चुनावी कार्ययोजना पर मुहर लगेगी। इसके साथ ही विपक्ष की आक्रामकता का करारा जवाब भी तैयार होगा।

ये रहेगा कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि नौ सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हाल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें राजनीतिक एजेंडे के साथ ही विकसित उत्तराखंड बनाने को लेकर मंथन होगा। इसके बाद शाम को रामपुर रोड स्थित होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

10 सितंबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अमरदीप होटल में जेन जी से संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हाल में पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर तीन बजे रुद्रपुर में सिख गौरव सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रदेश कार्यसमिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री समेत प्रदेशभर से 597 प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।