उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ से पहले बिछेगी PNG पाइपलाइन, बारिश के बाद युद्ध स्तर पर होगा काम……….

देहरादून: प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के विस्तार को लेकर सरकार ने रफ्तार बढ़ाने की तैयारी कर ली है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे करने को कहा।

मुख्य सचिव ने सोमवार को सचिवालय में पीएनजी पाइपलाइन और कनेक्शन की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को कार्यों की गति बढ़ाने और विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कहा कि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें प्रस्तावित हैं, वहां पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का प्रविधान पहले से ही कार्ययोजना में शामिल किया जाए। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व सरकारी संसाधनों की बचत होगी।

पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार में भूमि आवंटन की अड़चन दूर करने के लिए मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को गैस कंपनियों को भूमि आवंटन, किराये और लीज पर देने से संबंधित स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें पीएनजी प्लांट और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी शामिल किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने प्रत्येक एजेंसी को परियोजना पूरा होने तक की विस्तृत टाइमलाइन तैयार करने और हर सप्ताह के लक्ष्य तय कर साप्ताहिक प्रगति के आधार पर काम कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।