उत्तराखंड के रुड़की में 5 अक्टूबर से अग्निवीर भर्ती, जानें जिलेवार कार्यक्रम…….

देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली 5 से 23 अक्टूबर 2026 तक रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर) में आयोजित होगी। सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार, भर्ती वर्ष 2027 के लिए होने वाली इस रैली में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) उत्तीर्ण किया है।

जिलेवार भर्ती कार्यक्रम
अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी की भर्ती 5 से 12 अक्टूबर तक होगी। 5 अक्टूबर को उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ के साथ उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को अयोध्या, 7 अक्टूबर को मेरठ, 8 और 9 अक्टूबर को आगरा क्षेत्र, 10 और 11 अक्टूबर को लखनऊ क्षेत्र तथा 11 और 12 अक्टूबर को वाराणसी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अग्निवीर जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की भर्ती 13 अक्टूबर से शुरू होगी। 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली, 14 अक्टूबर को चमोली, 15 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल, 16 और 17 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग और देहरादून तथा 19 अक्टूबर को देहरादून और हरिद्वार के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 20 अक्टूबर को गढ़वाल के सभी सात जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होंगे।

अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। साथ ही भर्ती अधिसूचना में बताए गए सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।
सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों, एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है।

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होगी। सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती के नाम पर किसी को पैसे न दें, क्योंकि कोई भी बाहरी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।