उत्तराखंड के नैनीताल में 9 को लगेगा हिमालयन फूड फेस्टिवल, कुमाऊं का पारंपरिक जायकों का मिलेगा स्वाद, बागेश्वर की ट्राउट मछली होगी आकर्षण………

नैनीताल: उत्तराखंड स्थापना दिवस पर 9 नवंबर को नैनीताल के मल्लीताल फ्लैट्स में हिमालयन फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा. इसमें कुमाऊं के पारंपरिक व्यंजनों के साथ बागेश्वर की हिमालयन ट्राउट मछली मुख्य आकर्षण होगी. नैनीताल के जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर इस फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. इसमें नैनीताल शहर और जिले के कई प्रमुख होटल प्रतिभाग करेंगे. इस बार लगभग 10 से 12 होटल अपने फूड स्टॉल लगाएंगे, जहां स्थानीय व्यंजनों को खास अंदाज में परोसा जाएगा।

उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में घूमने आने वाले पर्यटकों को इस बार खूबसूरत वादियों और नैनीझील के नजारों के साथ ही कुमाऊं के पारंपरिक जायकों का स्वाद चखने का भी मौका मिलेगा. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल में हिमालयन फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. इस फेस्टिवल में कुमाऊं के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही पहाड़ों के खास स्वाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परोसे जाएंगे. इस बार बागेश्वर की प्रसिद्ध हिमालयन ट्राउट मछली फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण रहने वाली है।

मल्लीताल फ्लैट्स में लगेग फूड फेस्टिवल।
राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 9 नवंबर को नैनीताल के मल्लीताल फ्लैट्स में हिमालयन फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा. इसमें शहर और जिले के कई नामी होटल अपने-अपने फूड स्टॉल लगाएंगे. इन स्टॉलों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को कुमाऊं के पारंपरिक पकवानों के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध खानपान संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

10 से 12 होटल होंगे शामिल
फूड फेस्टिवल में नैनीताल के कई प्रमुख होटल हिस्सा लेने जा रहे हैं. इनमें नैनी रिट्रीट, आरिफ कैसल और मस्कोटिया जैसे होटल शामिल हैं। इनके साथ ही अन्य होटल भी अपने स्टॉल लगाकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लोगों तक पहुंचाएंगे। इस आयोजन में होटल व्यवसाय से जुड़े लोग अपने खानपान की विशेषताओं को प्रदर्शित करेंगे। पर्यटक एक ही स्थान पर अलग-अलग होटलों के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इससे न केवल स्थानीय खानपान को पहचान मिलेगी, बल्कि नैनीताल के पर्यटन को भी एक नया आकर्षण मिलेगा।

बागेश्वर की हिमालयन ट्राउट होगी खास आकर्षण।
इस बार फूड फेस्टिवल में बागेश्वर की हिमालयन ट्राउट मछली विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। पहाड़ी नदियों और ठंडे पानी में पाई जाने वाली ट्राउट मछली अपने खास स्वाद के लिए जानी जाती है. ऐसे में इस फेस्टिवल में पर्यटकों को हिमालयन ट्राउट का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। कुमाऊं के खानपान में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक तरीकों से तैयार किए जाने वाले व्यंजनों की खास पहचान है। यहां के पारंपरिक भोजन में पहाड़ी दालों, अनाज, स्थानीय सब्जियों और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इस फेस्टिवल के जरिए लोगों को कुमाऊं की खानपान परंपरा को करीब से जानने का मौका मिलेगा।

पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा।
नैनीताल आने वाले पर्यटक आमतौर पर यहां की नैनीझील, माल रोड, पहाड़ों और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंचते हैं. लेकिन किसी भी क्षेत्र की पहचान सिर्फ उसके पर्यटन स्थलों से नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपराओं और खानपान से भी होती है. हिमालयन फूड फेस्टिवल इसी स्थानीय पहचान को पर्यटकों तक पहुंचाने की एक पहल है। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य के मुताबिक, इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की समृद्ध फूड कल्चर को बढ़ावा मिलता है। स्थानीय व्यंजनों को एक मंच मिलने से होटल कारोबारियों को भी अपने खानपान की विशेषताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। वहीं, नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटक भी कुमाऊं के पारंपरिक स्वाद से परिचित हो सकेंगे।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए फेस्टिवल में एंट्री फ्री।
इस फूड फेस्टिवल की खास बात यह है कि इसमें शामिल होने के लिए किसी विशेष निमंत्रण की जरूरत नहीं होगी, आयोजन को ओपन टू ऑल रखा गया है, यानी स्थानीय लोग और नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटक भी इसमें शिरकत कर सकेंग, राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला यह हिमालयन फूड फेस्टिवल नैनीताल में पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति और पहाड़ी खानपान को एक नई पहचान देने का प्रयास है। अगर आप भी कुमाऊं के पारंपरिक जायकों के शौकीन हैं, तो 9 नवंबर को मल्लीताल फ्लैट्स में सजने वाले इस जायकों के मेले में पहाड़ी पकवानों के साथ हिमालयन ट्राउट का स्वाद चख सकते हैं।