उत्तराखंड में SI के 200 पदों पर भर्ती, एक दिसंबर से आवेदन शुरू……….

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में वर्दीधारी उप निरीक्षक संवर्ग के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 18 अप्रैल 2027 तय की है।

आयोग की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 85/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत विभिन्न विभागों में उप निरीक्षक और अन्य वर्दीधारी पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल 200 पदों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और उप निरीक्षक अभिसूचना के पदों पर पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जबकि प्लाटून कमांडर के सभी 81 पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

पदों के अनुसार निर्धारित वेतनमान और आयु सीमा
भर्ती में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, उप निरीक्षक अभिसूचना, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों के लिए वेतनमान 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये (वेतन स्तर-07) निर्धारित किया गया है। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 35 वर्ष रखी गई है। वहीं, उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों के लिए वेतनमान 29,200 रुपये से 92,300 रुपये (वेतन स्तर-05) निर्धारित है। इस पद के लिए आयु सीमा 21 से 42 वर्ष रखी गई है। आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

स्नातक से लेकर इंटरमीडिएट तक शैक्षिक योग्यता
आयोग ने अलग-अलग पदों के लिए शैक्षिक योग्यता भी निर्धारित की है। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, उप निरीक्षक अभिसूचना और प्लाटून कमांडर के पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद के लिए विज्ञान विषय में स्नातक की डिग्री के साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम छह माह का कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। वहीं, उप आबकारी निरीक्षक के पद के लिए इंटरमीडिएट अथवा उसके समकक्ष शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है। विज्ञापन में पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए शैक्षिक अर्हता से संबंधित प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

पहले शारीरिक परीक्षा, फिर 200 अंकों की लिखित परीक्षा
आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल घोषित अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके तहत आयोग की ओर से 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय ऑफलाइन प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 18 अप्रैल 2027 निर्धारित की है। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी और अन्य दिशा-निर्देश भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध कराए गए हैं।

चार से छह जनवरी तक आवेदन में संशोधन का मौका
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए चार जनवरी 2027 से छह जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। आयोग ने आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों के नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य किया है। इसके अतिरिक्त आरक्षण श्रेणी, उपश्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र भी नियमानुसार अपलोड करने होंगे।

आयोग की वेबसाइट पर एक दिसंबर से कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर एक दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई शर्तों, शारीरिक मानकों, शैक्षिक अर्हताओं और आयु सीमा का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में 200 पदों पर होने जा रही इस भर्ती से पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।