उत्तराखंड में वीकेंड पर आज-कल कैंची धाम समेत पहाड़ी रूटों पर डायवर्जन, यात्रीगण ध्यान दें……….

नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और रानीखेत की ओर आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। वहीं, कैंची धाम दर्शन के लिए निजी वाहनों से पहुंचने वाले पर्यटकों को तय पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से मंदिर तक जाने के लिए स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

भारी वाहनों का आवागमन सुबह 3 से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित
पुलिस के अनुसार, 17 और 18 अक्टूबर को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित ट्रैफिक प्लान सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहन
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। वहीं, रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी जिलों को जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए भेजा जाएगा। इसी तरह काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना की ओर जाने वाले वाहनों को सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।

भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग तय
बाहरी जनपदों और राज्यों से निजी वाहनों के जरिए भीमताल होते हुए कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। इसके बाद पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

गेठिया और नैनीताल के रास्ते आने वालों को भवाली सैनिटोरियम में पार्क करने होंगे वाहन
गेठिया और नैनीताल के रास्ते निजी वाहनों से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए भवाली सैनिटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। इस मार्ग से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े करने होंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।

कैंची धाम और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
पुलिस के यातायात प्लान के अनुसार, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों, वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।