उत्तराखंड के हरिद्वार में दस हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार, लेनदेन विवाद में समझौता कराने के नाम पर मांगी रकम……….

हरिद्वार: लेनदेन के विवाद में समझौता कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता विभाग ने कार्रवाई की है। हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई को 10 हजार रुपये लेते हुए ट्रैप टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार को रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई सोनिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि एएसआई ने दो पक्षों के बीच लेनदेन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी।

सतर्कता विभाग के मुताबिक, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत मिली थी कि रानीपुर थाने में तैनात एएसआई शिकायतकर्ता के पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता, सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की।

इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। आज सतर्कता विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।