उत्तराखंड के नीट यूजी में फर्जी प्रमाण पत्रों के कारण 3 और एमबीबीएस सीटें रद, कुल 19 पर कार्रवाई……….
देहरादून: नीट यूजी स्टेट काउंसिलिंग में प्रमाण पत्र फर्जीवाड़े में तीन और अभ्यर्थियों की एमबीबीएस सीट रद कर दी गई हैं। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने यह कार्रवाई की है। इनमें दो सीटें राजकीय मेडिकल कालेज हरिद्वार और एक सीट राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर की है।
अब तक 19 अभ्यर्थियों की सीट रद की जा चुकी है। विश्वविद्यालय के अनुसार प्रथम और द्वितीय चरण की काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों को मेरिट, उनके द्वारा भरे गए विकल्प और स्थाई निवास और आरक्षण से जुड़े दावों के आधार पर सीट आवंटित की गई थी।
प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी सामने आने के बाद अब इनका सत्यापन जिलों से कराया जा रहा है। ऊधमसिंहनगर के जिलाधिकारी से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तीन अभ्यर्थियों का सीट आवंटन रद किया गया है।
इनमें जुमराह अशरफ को हरिद्वार में ओबीसी महिला, आदित्य प्रजापति को श्रीनगर में ओबीसी महिला और वरुण देढ़ा को हरिद्वार में यूआर-अनाथ श्रेणी में सीट मिली थी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीट रद होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों का इन सीटों पर कोई दावा नहीं रहेगा।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया है कि जिलाधिकारियों से स्थाई निवास व आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्रों के सत्यापन की रिपोर्ट मिलने पर संबंधित अभ्यर्थियों की सूची समय-समय पर काउंसलिंग पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। रद हुई तीनों सीटों को अब तीसरे चरण की काउंसिलिंग में शामिल किया जाएगा।


