उत्तराखंड के छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, जानिए कब तक बरसेंगे मानसूनी बादल……….
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश के पर्वतीय से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान देहरादून, पौड़ी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है।
पिछले 24 घंटे में कालागढ़ में सर्वाधिक 82 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चौपटिया रानीखेत में 55 मिमी, शीतलाखेत में 54.5 मिमी, टिहरी में 45 मिमी, टनकपुर में 43 मिमी, लक्सर में 40 मिमी, चकराता और सहस्रधारा में 34 मिमी, रामनगर और बाजपुर में 36.5 मिमी, नैनीताल में 35.5 मिमी, पौड़ी में 32 मिमी और जौलीग्रांट में 30.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आज भी कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार, 6 सितंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही राज्यभर में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका जताई गई है।
लगातार बारिश से तीन से पांच डिग्री तक नीचे रहा तापमान
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ से मैदान तक बादलों की मौजूदगी और बारिश के दौर से मौसम सुहावना बना हुआ है।
शनिवार को देहरादून में भी सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद मध्यम बारिश के दौर देखने को मिले। दिनभर बादलों के बीच तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। वहीं कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। नएस्थान तलाशें
प्रमुख शहरों का तापमान
देहरादून में अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 17.5 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 20.6 और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
7 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 7 सितंबर को नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
8 और 9 सितंबर को पर्वतीय जिलों में बढ़ेगी मौसम की सक्रियता
8 और 9 सितंबर को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश के बीच सावधानी जरूरी
लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी रहती है। ऐसे में मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचना और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं। ऐसे में पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी रहने और तापमान में विशेष बढ़ोतरी नहीं होने का अनुमान है।


