उत्तराखंड में हल्द्वानी के अमृतपुर में भारी भूस्खलन, 30 मीटर सिंचाई गूल बही 50 नाली जमीन प्रभावित……..
हल्द्वानी: अमृतपुर में भू-स्खलन से सिंचाई गूल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 30 मीटर हिस्से में गूल बह गई है। इससे लगभग 50 नाली कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हुई है। गूल के ऊपर से हुए भू-स्खलन के कारण पेयजल लाइन भी टूट गई। इससे ग्रामीणों के सामने सिंचाई के साथ पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है।
अमृतपुर गांव में सिंचाई गूल क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पानी पहुंचाना मुश्किल होगा। 50 नाली भूमि की सिंचाई प्रभावित होने से किसानों को फसलों की चिंता सताने लगी है। समय पर पानी नहीं मिलने पर फसल प्रभावित हो सकती है।
किसानों को निजी साधनों से पानी जुटाने के लिए अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ सकता है। पेयजल लाइन टूटने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ेगी। घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने पर लोगों को दूर से पानी लाना पड़ सकता है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश रावत ने बताया कि बारिश बंद होने के बाद गूल पर अस्थायी व्यवस्था कर पानी चलाने का प्रयास किया जाएगा। पाइप लगाकर सिंचाई की व्यवस्था पूरी की जाएगी। स्थायी मरम्मत के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


