उत्तराखंड की राजधानी में टी-20 लीग का शानदार आगाज, ऋषिकेश ड्रैगन्स ने पहले मैच में दर्ज की बड़ी जीत……..

देहरादून: उत्तराखंड के बड़े फ्रैंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट देहरादून टी-20 लीग-2026 का बुधवार को अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ भव्य आगाज हुआ। फ्लडलाइट की रोशनी में शुरू हुए पहले मुकाबले में ऋषिकेश ड्रैगन्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए हरबर्टपुर नाइटराइडर्स को 134 रन से करारी शिकस्त दी।

ऋषिकेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 239 रन बनाए, जवाब में हरबर्टपुर की टीम 14.4 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। उद्घाटन समारोह में बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, सीएयू के मुख्य संरक्षक पीसी वर्मा, देहरादून टी-20 लीग के सीईओ नवनीत मिश्रा और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ देहरादून (सीएडी) के सचिव पीयूष कुमार रघुवंशी मौजूद रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और लीग के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। मैच में ऋषिकेश ड्रैगन्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। युवराज चौधरी ने 40 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कमल सिंह ने महज 25 गेंदों पर 64 रन ठोक दिए।

ईशाग्रा जगूड़ी ने भी 32 गेंदों पर 59 रन की तेजतर्रार पारी खेली। तीनों बल्लेबाजों की दमदार पारियों की बदौलत ऋषिकेश ने 239 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरबर्टपुर नाइटराइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कुणाल वी. सिंह ने 16 गेंदों पर 22, अशर खान ने 16 गेंदों पर 17 और निखिल पुंडीर ने नौ गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन टीम 14.4 ओवर में 105 रन पर ढेर हो गई।

ऋषिकेश के गेंदबाज तेजेंद्र सिंह ने चार ओवर में 30 रन देकर पांच विकेट झटके। रविंदर नेगी ने 3.4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए। उद्घाटन के मौके पर माहिम वर्मा ने कहा कि जिस घड़ी का महीनों से इंतजार था, वह आ गई है। उन्होंने कहा कि अगले आठ दिन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए खास होंगे और खिलाड़ियों के जोश से लीग की शानदार शुरुआत का अंदाजा लगाया जा सकता है।