रात के बचे चावल फेंकने की बजाय बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी नाश्ता, सूजी-दही से मिनटों में होगा तैयार, जानिए आसान रेसिपी…….

देहरादून: रात के बचे हुए चावल से सुबह के लिए स्वादिष्ट और सॉफ्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है. इसके लिए चावल के साथ सूजी और दही मिलाकर आसान बैटर बनाया जाता है. फ्रूट साल्ट या ईनो मिलाने से नाश्ते को हल्का और स्पंजी टेक्सचर मिलने में मदद मिलती है. इसे धीमी आंच पर पकाने से ऊपर छोटे-छोटे छेद और जाली जैसी बनावट दिखाई देती है। इसके साथ टमाटर, प्याज, लहसुन और मिर्च से बनी चटपटी चटनी परोसी जा सकती है. यह बचे हुए चावल इस्तेमाल करने के साथ सुबह के नाश्ते और बच्चों के टिफिन के लिए भी अच्छा विकल्प है।

कभी-कभी रात के खाने के बाद बचे हुए चावल सुबह रसोई में रखे मिलते हैं और समझ नहीं आता कि उनका क्या बनाया जाए। रोज फ्राइड राइस या जीरा राइस बनाना भी आखिर कब तक? ऐसे में अगर आपके पास थोड़ी सी सूजी और दही है, तो इन्हीं साधारण चीजों से स्वादिष्ट और सॉफ्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए न तो ज्यादा मेहनत चाहिए और न ही बहुत सारी सामग्री। बचे हुए चावल, सूजी और दही से तैयार होने वाला यह नाश्ता अंदर से बेहद नरम और हल्का स्पंजी बनता है. तवे पर पकाते समय इसकी सतह पर जाली जैसी बनावट भी नजर आती है, जो इसे देखने में खास बनाती है। सुबह की जल्दी में यह रेसिपी काफी काम आ सकती है. इसे बच्चों के टिफिन में भी रखा जा सकता है और घर आए मेहमानों के लिए चटपटी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।

बचे हुए चावल से तैयार होगा झटपट नाश्ता
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यही है कि इसमें रात के बचे चावल बेकार नहीं जाते। एक कटोरी पके हुए चावल लें और उसमें एक कप सूजी, आधा कप दही, करीब एक कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और करीब 5 मिनट के लिए रख दें। इस दौरान सूजी पानी और दही को सोखकर फूलने लगेगी, अगर मिश्रण बहुत ज्यादा गाढ़ा लगे तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी और डाला जा सकता है. बैटर न तो बहुत पतला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा।

साथ में बनाएं चटपटी टमाटर की चटनी
जब तक चावल और सूजी का मिश्रण तैयार हो रहा है, तब तक चटनी बनाई जा सकती है. इसके लिए पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें चना दाल और उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें लहसुन की कुछ कलियां, हरी मिर्च, कटा हुआ प्याज और सूखी लाल मिर्च डालें। मसालों को ज्यादा तेज आंच पर न भूनें, वरना लहसुन और मिर्च का स्वाद कड़वा हो सकता है। इसके बाद कटे हुए टमाटर और थोड़ा नमक डालकर पैन को ढक दें। टमाटर नरम होने तक इसे पकाएं।

चटनी में तड़का लगाएगा स्वाद
टमाटर-प्याज का मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे मिक्सी में डालें। इसमें थोड़ा कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर बारीक पीस लें। तैयार चटनी को कटोरी में निकालें। अब छोटे तड़का पैन में थोड़ा तेल गर्म करके राई, करी पत्ता और एक सूखी लाल मिर्च डालें। जैसे ही राई चटकने लगे, यह तड़का चटनी के ऊपर डाल दें। इससे चटनी में खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे।

चावल-सूजी का बैटर ऐसे बनेगा स्पंजी
अब पहले से रखे चावल और सूजी के मिश्रण को मिक्सी में डालें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर इसे अच्छी तरह पीस लें। कोशिश करें कि बैटर बिल्कुल स्मूथ रहे और उसमें चावल के बड़े टुकड़े न बचें। बैटर को एक बाउल में निकालें। अब इसमें चुटकी भर फ्रूट साल्ट या जरूरत के अनुसार ईनो डालकर हल्के हाथ से मिला दें। इसे मिलाने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक न रखें, क्योंकि इसी समय इसमें हल्कापन आता है।

धीमी आंच पर पकाएं, तभी आएगी जाली
तवा या नॉनस्टिक पैन गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें। अब बैटर की एक कलछी डालकर हल्के हाथ से फैलाएं। इसे बहुत पतला न करें। नाश्ते को मध्यम से धीमी आंच पर ढककर पकाएं। कुछ देर बाद इसकी ऊपरी सतह पर छोटे-छोटे छेद और जाली जैसी बनावट दिखाई देने लगेगी। किनारे हल्के सुनहरे होने लगें तो इसे पलटकर दूसरी तरफ भी सेंक लें। ज्यादा तेज आंच रखने से बाहर से नाश्ता जल्दी सिक सकता है, लेकिन अंदर से उतना सॉफ्ट नहीं रहेगा। गरम-गरम स्पंजी नाश्ते को प्लेट में निकालें और साथ में तैयार टमाटर-लहसुन की चटनी परोसें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया भी डाल सकते हैं। सुबह की चाय के साथ यह नाश्ता खास तौर पर अच्छा लगता है।

कम सामान में स्वादिष्ट नाश्ते का आसान तरीका
घर में मौजूद साधारण चीजों से बनने वाली यह रेसिपी उन दिनों के लिए बढ़िया है, जब कुछ अलग खाने का मन हो लेकिन रसोई में ज्यादा तैयारी करने का समय न हो। बचे हुए चावल का इस्तेमाल भी हो जाता है और नाश्ते में एक नया स्वाद भी मिल जाता है. बस बैटर की सही कंसिस्टेंसी और धीमी आंच का ध्यान रखें, नाश्ता सॉफ्ट और स्पंजी बनेगा।