उत्तराखंड के बद्रीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला में अब पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार…….
चमोली: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
लंबी पूछताछ के बाद की गई इस गिरफ्तारी से मामले की जांच और तेज हो गई है। पुलिस शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।
पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
एसआईटी ने राजेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए जोशीमठ से बद्रीनाथ बुलाया था। कई घंटों तक चली गहन पूछताछ के बाद जांच टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसियों का कहना है कि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
मुख्य आरोपी की तरह भूमिका होने का संदेह
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की तरह ही राजेंद्र चौहान की भूमिका भी चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के मामले में संदिग्ध पाई गई है। इसी आधार पर एसआईटी ने उन्हें हिरासत में लिया।
गौरतलब है कि राजेंद्र चौहान 30 जून को टेंपल अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सीसीटीवी फुटेज से मिले नए सुराग
एसआईटी की जांच के दौरान चढ़ावा गणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज की भी गहन पड़ताल की गई है। जांच में कुछ अन्य संदिग्ध लोगों की मौजूदगी भी सामने आई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी लोगों से पूछताछ या गिरफ्तारी हो सकती है।
थाना प्रभारी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि।
बद्रीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र चौहान से विस्तृत पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और एसआईटी सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


