उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश से मचाई भारी तबाही, 20 सड़कें मलबे से पटीं, जगह-जगह फंसे यात्री……..
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. मूसलाधार बारिश से चीन सीमा को जोड़ने वाली धारचूला- तवाघाट सहित जिले की 20 सड़कों पर मलबा आ गया है। सड़कें बंद होने से सभी रूटों पर सैकड़ों की संख्या में यात्री फंसे हैं। थल के नायल सपोली गांव में भूस्खलन से मकान की दीवार ढहने से मवेशी दब गए। परिवार ने पूरी रात जागकर बिताई। खराब मौसम को देखते हुए आज शुक्रवार को जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है.
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश: गुरुवार रात जिले भर में भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 199 मिमी बारिश थल तहसील में हुई। तेजम में 130 मिमी, बंगापानी में 110 मिमी, डीडीहाट में 84 मिमी, धारचूला में 54 मिमी, बेरीनाग में 50 मिमी, देवलथल में 41 मिमी, कनालीछीना में 36.4 मिमी, गणाई गंगोली में 20.5 मिमी, गंगोलीहाट में 18 मिमी, मुनस्यारी में 12.6 मिमी, पिथौरागढ़ में सबसे कम 11.6 मिमी बारिश हुई।
बारिश से भारी नुकसान
जिले की 20 सड़कों पर आया मलबा: मलबा आने से धारचूला-तवाघाट, थल-मुनस्यारी, थल-डीडीहाट, उडियारीबैंड-थल, सातशिलिंग-थल, थल-पांखू, देवीसूना- खेतारकन्याल गराली, डीडीहाट-आदिचौरा खूना मोटर मार्ग बंद हैं. इसके साथ ही डीडीहाट-दूनाकोट, तवाघाट- ठानीधार, ड्योड़ा- बारमों, एलागाड़- जुम्मा, सोबला-उमचिया, कालिका-खुमती, बंगापानी- जारा जिबली, घट्टाबगड़-तांकुल, होकरा- नामिक, बांसबगड़- कोटा, नाचनी-भैंसकोट, डीडीहाट- आदिचौरा सीणी चामा मोटर मार्गों पर भी मलबा आया है।
मकान की दीवार ढहने से मवेशी दबे: मूसलाधार बारिश के दौरान थल- चौकोड़ी सड़क पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। इस दौरान दर्जनों पेड़ सड़क पर गिर गए। भारी भरकम पेड़ गिरने से क्रैश बैरियर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पेड़ों को काटकर सड़क खोलने का काम चल रहा है. मूसलाधार बारिश से थल क्षेत्र के नायल सपोली में भूस्खलन से नारायण राम के मकान की दीवार ढह गई। इससे मवेशी दब गए। रात में मूसलाधार बारिश के बीच परिवार के सदस्यों ने टार्च की रोशनी में पत्थर हटाकर घायल मवेशियों को बाहर निकाला। गौशाला में बंधे मवेशी घायल हुए हैं।
मार्गों में फंसे यात्री: मार्ग बंद होने से जगह जगह वाहन फंसे हुए हैं जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भूपेंद्र महर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ ने बताया कि-
बारिश से बंद हुई सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। शीघ्र सभी सड़कों को खोल दिया जायेगा। जहां पर नुकसान की सूचना मिली है, राजस्व विभाग की टीम पहुंची है। क्षति का आकलन किया जा रहा है। :भूपेंद्र सिंह महर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी


