उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी: 71 लाख से अधिक नाम शामिल, 12,543 मतदान केंद्र बने………..

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के पहले चरण के पूरा होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में चल रही प्रक्रिया के तहत 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल किए गए हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर की कार्रवाई की जा रही है।

प्रदेश में आठ जून से सात जुलाई तक गणना पत्रों के वितरण और डिजिटलीकरण का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।

उन्होंने बताया कि पहले राज्य में 11,733 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या बढ़ाकर अब 12,543 कर दी गई है। आयोग ने मतदाताओं को 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया है। फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा।

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि 14 जुलाई से लेकर 11 सितंबर 2026 तक नोटिसों की सुनवाई और दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।

उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट सूची में शामिल मतदाताओं में से करीब 19 लाख मामलों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं। संबंधित ईआरओ और एईआरओ द्वारा ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे।

सुनवाई के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर कैंप लगाए जाएंगे, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी कैंप आयोजित किए जाएंगे।