अब दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर टोल टैक्स की दरें घोषित, जगह-जगह लगाए गए बोर्ड…….

देहरादून: दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर) पर सफर करने के लिए कितना टोल टैक्स चुकाना पड़ेगा, इसकी दरें घोषित कर दी गई हैं। जगह-जगह बोर्ड लगा दिए गए हैं। उम्मीद है कि 10 मई से टोल टैक्स वसूला जाएगा। इस तारीख में अभी परिवर्तन भी हो सकता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल शुल्क तय कर दिया है। काठा टोल बूथ पर ट्रायल किया जा रहा है। ऐसे में हाईवे (Delhi-Dehradun Greenfield Highway) पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब तय शुल्क चुकाना होगा। कार, हल्के मालवाहक वाहनों और बस-ट्रकों के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। पूरे रूट पर टोल शुल्क दूरी के हिसाब से लागू होगा।

स्थानीय स्तर पर टोल वसूली शुरू होने से सफर की लागत बढ़ जाएगी। उधर, जलालपुर इंटरचेंज टोल प्लाजा शुरू करने के लिए दिनभर कार्य चलता रहा। वहां पर भी टोल दरों का बोर्ड लगाया गया है। इसी तरह काठा टोल प्लाजा व अन्य स्थानों पर भी बोर्ड लगा दिए हैं, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।

काठा टोल प्लाजा के मैनेजर अंकित धामा का कहना है कि काॅरिडोर (Delhi-Dehradun Economic Corridor) के फेज-एक के टोल टैक्स की दरें जारी की गई हैं। इसके अंतर्गत बागपत के मवीकलां से सहारनपुर बाईपास तक का भाग आता है। इसकी दूरी 119.790 किमी है। इस पर काठा, अग्रवाल मंडी टटीरी, जलालपुर, करौंदा, बंतीखेड़ा, ख्यावड़ी, बड़गांव एवं रसूलपुर में टोल प्लाजा है। टोल प्लाजा पर नगद रुपये नहीं लिए जाएंगे।

ऑनलाइन ही टैक्स जमा होगा। काॅरिडोर पर 3,075 रुपये का वार्षिक पास मान्य होगा। वाहनों से टोल टैक्स वसूलने की प्रक्रिया 10 मई से चालू हो सकती है।

काठा टोल प्लाजा से सहारनपुर के लिए टोल टैक्स
वाहनों के प्रकार :-

कार, जीप, छोटे वाहन : सिंगल जर्नी-190 रुपये, रिटर्न जर्नी-285 रुपये
लाइट कमर्शियल, हल्के माल वाहक वाहन, मिनी बस : सिंगल जर्नी 310 रुपये, रिटर्न जर्नी-460 रुपये
बस और ट्रक : सिंगल जर्नी-645 रुपये, रिटर्न जर्नी-970 रुपये
थ्री एक्सल कमर्शियल व्हीकल : सिंगल जर्नी-705 रुपये, रिटर्न जर्नी-1,055 रुपये
हैवी कंस्ट्रक्शन मशीनरी : सिंगल जर्नी-1,015-रुपये, रिटर्न जर्नी-1,520 रुपये
ओवर साइज व्हीकल : सिंगल जर्नी-1,235 रुपये, रिटर्न जर्नी-1,835 रुपये
(टोल मैनेजर के अनुसार) (जलालपुर इंटरचेंज टोल प्लाजा पर लगे बोर्ड के अनुसार)