उत्तराखंड में मौसम आज से उग्र, 6 दिन बारिश की चेतावनी, 50 किमी की रफ्तार से आंधी का यलो अलर्ट……..

देहरादून: मौसम आज से फिर करवट बदल सकता है। आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 16 से 21 अप्रैल तक विभिन्न जिलों में बारिश हो सकती है। साथ ही कई इलाकों में 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। राज्य में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

उत्तराखंड में कल से मौसम उग्र रूप दिखा सकता है
प्री-मानसून तरबतर करने को फिर से तैयार हैं। दरअसल, उत्तराखंड में पिछले तीन-चार दिन से मौसम शुष्क बना हुआ है। चटख धूप गर्मी का एहसास कराने लगी है। राज्य के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है। हालांकि पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। पहाड़ में सुबह-शाम ठंड जारी है। बीते दिनों हुई बारिश से पहाड़ में तापमान में गिरावट आई है। इधर, मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।

इससे 16 से 21 अप्रैल तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग , पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस दरमियान राज्य में चार हजार मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
मौसम आने वाले दिनों में उग्र रूप दिखा सकता है। कल से अगले छह दिन तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 अप्रैल को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार तक के अंधड़ चलने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन के दौरान उत्तराखंड में अधिकतम तापमान 2 से चार डिग्री तक बढ़ सकता है।

मानसून में कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने इस साल मानसून में कम बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक अल नीनो का प्रभाव भी इस साल मानसून में देखने को मिल सकता है। मानसून में औसत से कम बारिश होने से खेती-बाड़ी पर असर पड़ने की संभावना है। देश के विभिन्न राज्यों में बढ़ती गर्मी के कारण आने वाले दिनों में उत्तराखंड में सैलानियों की भीड़ बढ़ने की संभावन है।