उत्तराखंड के ऋषिकेश में बजरंग सेतु खुलने से पहले कांच का फुटपाथ तोड़ा, असामाजिक तत्वों की हरकत से PWD परेशान…….

ऋषिकेश: निर्माणाधीन बजरंग सेतु, ऋषिकेश में असामाजिक तत्वों ने फुटपाथ पर लगे कांच को ईंट-पत्थर मारकर तोड़ दिया। पुल के कांच वाले हिस्से पर लोगों की आवाजाही पर रोक। निर्माणाधीन बजरंग सेतु के खुलने से पहले ही असामाजिक तत्वों ने फुटपाथ पर लगे कांच को ईंट-पत्थर मारकर तोड़ दिया।

बार-बार हो रही इस घटना के बाद पुल के औपचारिक तौर पर खोलने को लेकर लोक निर्माण विभाग परेशान है। पुलिस को सूचना दी गई है। पुल के ग्लास वाले हिस्से से जा रहे लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।

टिहरी जिले को पौड़ी जनपद से जोड़ने वाला लक्ष्मण झूला पुल बंद होने के बाद लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर की ओर से लक्ष्मणझूला पुल के समीप 2022 में बजरंग सेतु का निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

पुल 132.30 मीटर लंबा और बीच में पांच मीटर चौड़ा है। पुल के दोनों ओर डेढ़, डेढ़ मीटर के कांच के फुटपाथ बनाए गए है।

65 मिमी की मोटाई वाला पारदर्शी कांच का लगाया गया है। जिसमें नीचे गंगा नजर आती है। बीते दिनों पुल की भार क्षमता नापने को बीच के हिस्से में 50 मैक्स वाहन खड़े कराए गए थे।

कांच वाले हिस्से में भी रेत, सीमेंट की बोरी रखकर भार क्षमता परखी गई है। पुल पर लोग अनौपचारिक तौर पर आवागमन भी कर रहे है। इस बीच यहां आए कुछ लोगों ने पुल के कांच वाले हिस्से में ईंट और पत्थर मारकर एक जगह से कांच को तोड़ दिया।

लोक निर्माण विभाग के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने कांच के एक हिस्से को तोड़ा है। पुलिस को सूचना दी गई है। इसे ठीक कराया जा रहा है।