यहाँ वायरल वीडियो: रील के चक्कर में स्कॉर्पियो को डीजल से धोया, पुलिस ने किया गिरफ्तार, देखे वीडियो………
देहरादून: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कई बार लोगों को खतरनाक हरकतें करने पर मजबूर कर देती है। ऐसा ही एक मामला सिरोही जिले के पालड़ी गांव(Sirohi viral video) से सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के चक्कर में अपनी ही गाड़ी को डीजल से धो डाला।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक,युवक अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा था। टंकी फुल कराने के बाद उसने पंप के नोजल से ही गाड़ी धोना शुरू कर दिया।
यह हरकत न सिर्फ डीजल की बर्बादी थी, बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो सकती थी क्योंकि इससे आग लगने का खतरा भी था। युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
मामला पुलिस तक पहुंचने पर पालड़ी थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में युवक की पहचान छिबा गांव निवासी महिपाल सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और वीडियो बनाने वाले कैमरामैन को भी हिरासत में लिया गया है।
गाड़ी जब्त, केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए इस तरह की हरकतें करना कानूनन अपराध है।ऐसी गतिविधियां न सिर्फ खतरनाक हैं बल्कि जान-माल के नुकसान का कारण भी बन सकती हैं।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया है।
यह घटना साफ बताती है कि थोड़ी सी लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना सही नहीं है। जिम्मेदारी और समझदारी ही सबसे बेहतर विकल्प है।

