उत्तराखंड में यहाँ घर की चौखट से 4 साल की बच्ची को उठा ले गया गुलदार। 2 किमी दूर मिला शव……

देहरादून: पोखड़ा क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के बाहर खाना खा रही 4 वर्षीय मासूम बच्ची को गुलदार उठा ले गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामसभा भतकोट में हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि शाम के समय घर की चौखट पर बैठकर खाना खा रही थी। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने अचानक हमला कर बच्ची को खींचकर जंगल की ओर ले गया।

परिवार के सामने हुआ हादसा
घटना के समय बच्ची की बड़ी बहन और दादी भी पास में मौजूद थीं। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की गई, लेकिन रात तक कोई सफलता नहीं मिली।

2 किमी दूर मिला क्षत-विक्षप्त शव
काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षप्त अवस्था में मिला। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही रेंजर नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही सतपुली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

ग्रामीणों में आक्रोश, शव उठाने से किया इनकार
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।

शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद घर के पास ही पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बढ़ता वन्यजीव खतरा, ग्रामीणों में डर
लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।