आइये आज जानते है महंगी साड़ियों को घर पर कैसे करें ड्राई क्लीन, दाग और बदबू भी हो सकती है दूर……..
देहरादून: बनारसी, सिल्क और कांजीवरम जैसी कढ़ाई और रिच फैब्रिक वाली साड़ियों को साफ करना सबसे मुश्किल होता है, जिसके चलते लोग ड्राई क्लीन करवाते हैं। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से इन साड़ियों को घर पर ही ड्राई क्लीन किया जा सकता है।
शादी, पार्टी, त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान महिलाएं खास तौर पर पारंपरिक पोशाक साड़ी पहनना पसंद करती हैं। ऐसे खास मौकों पर बनारसी, सिल्क और कांजीवरम जैसी कढ़ाई और रिच फैब्रिक वाली साड़ी पहनने का चलन काफी ज्यादा है। इन साड़ियों की खूबसूरती और शान ही इन्हें खास बनाती है, लेकिन साथ ही ये काफी महंगी भी होती हैं। इसलिए इनकी देखभाल भी बेहद सावधानी से करनी पड़ती है।
अक्सर महिलाएं इन साड़ियों को एक-दो बार पहनने के बाद अलमारी में सुरक्षित रख देती हैं और फिर किसी खास मौके पर ही दोबारा पहनती हैं। वहीं, इन महंगी साड़ियों को धोने के लिए ज्यादातर लोग ड्राईक्लीन का सहारा लेते हैं, क्योंकि सामान्य तरीके से धोने पर इनके खराब होने का डर रहता है। हालांकि, बार-बार ड्राईक्लीन करवाना जेब पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में अगर सही तरीके अपनाए जाएं, तो बनारसी, सिल्क और कांजीवरम जैसी महंगी साड़ियों को घर पर ही सुरक्षित तरीके से साफ किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि घर पर इन महंगी साड़ियों को ड्राईक्लीन जैसे साफ करने का आसान और सुरक्षित तरीका क्या है।
डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें या नहीं
बनारसी, सिल्क और कांजीवरम जैसी महंगी और भारी साड़ियों को कभी भी सामान्य डिटर्जेंट पाउडर से नहीं धोना चाहिए। इनमें मौजूद तेज केमिकल कपड़े की चमक को कम कर सकते हैं और धागों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए इन्हें साफ करने के लिए हमेशा हल्के क्लीनर का इस्तेमाल करना चाहिए।
घर पर ड्राईक्लीन करने का सबसे आसान तरीका
महंगी साड़ियों को घर पर साफ करने का सबसे सुरक्षित तरीका है कि आप बेबी शैम्पू या फिर लिक्विड क्लीनर का इस्तेमाल करें। इसके लिए सबसे पहले एक टब में ठंडा पानी ले लें। उसमें थोड़ा सा बेबी शैम्प या लिक्विड क्लीनर मिला दें। इसके बाद साड़ी को पानी में 5-10 मिनट के लिए भिगो दें और हल्के हाथों से धीरे-धीरे साफ करें। साड़ी को ज्यादा रगड़कर और मरोड़कर साफ नहीं करना चाहिए। इससे कपड़े और कढ़ाई को नुकसान हो सकता है। अंत में साड़ी को साफ पानी से हल्के हाथों से धोकर छाया में सूखने के लिए टांग दें।
सीक्विन, भारी कढ़ाई या फिर जरी वाली साड़ियों को मसलने, रगड़ने या फिर ब्रश लगाकर साफ करने से इनकी क्वालिटी खराब हो सकती है। अगर कहीं पर हल्का दाग है तो वहां पर उंगलियों से हल्का प्रेशर देते हुए साफ करने की कोशिश करें।
दाग कैसे हटाएं
अगर इन महंगी और भारी साड़ियों पर दाग लग गया है तो इसे साफ करने के लिए नींबू के रस का इस्तेमाल कर सकती हैं, ये प्राकृतिक क्लीनर की तरह काम करता है। हालांकि, इसका सीधे दाग वाली जगह पर इस्तेमाल करने से पहले साड़ी के किसी कोने पर थोड़ा सा नींबू का रस लगाकर टेस्ट जरूर कर लें। इससे यह पता चल जाएगा कि साड़ी का रंग फीका तो नहीं पड़ रहा। अगर रंग पर कोई असर नहीं पड़ता है, तो दाग वाली जगह पर थोड़ा सा नींबू का रस लगाएं और उसे 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ठंडे पानी से हल्के हाथों से धो लें। इस तरीके से साड़ी के दाग काफी हद तक आसानी से साफ हो सकते हैं। इससे दाग के साथ ही बदबू भी दूर हो सकती है।
कैसे सुखाएं
इन साड़ियों को धोने के बाद कभी भी मरोड़कर या निचोड़कर पानी नहीं निकालना चाहिए। ऐसा करने से साड़ी के धागे और कढ़ाई खराब हो सकते हैं। इसके बजाए एक साफ और सूखा तौलिया को फैलाकर उसपर साड़ी रख दें। इससे साड़ी का अतिरिक्त पानी तैलिया आसानी से सोख लेता है। इसके बाद साड़ी को छांव वाली जगह पर सूखने के लिए टांग दें। ध्यान रहे कि साड़ी तेज धूप में न सुखाएं, क्योंकि, इससे उसका रंग फीका पड़ सकता है और कपड़े की चमक भी कम हो सकती है।
रखने का सही तरीका
जब साड़ी पूरी तरह सूख जाए, तो इसे सीधे आयरन करने के बजाय साड़ी के ऊपर एक पतला कॉटन कपड़ा रखकर प्रेस करें। इसके अलावा, साड़ी को हमेशा अच्छे से फोल्ड करके कॉटन के कवर या कपड़े में लपेटकर रखना चाहिए।
ध्यान रखने ये बात
हर कपड़े को धोने का तरीका अलग होता है। आमतौर पर महंगे कपड़ों और साड़ियों पर केयर टैग लगा होता है, जिसमें उसे धोने और संभालने का सही तरीके के बारे में जानकारी दी जाती है। ऐसे में साड़ी धोन से पहले सबसे पहले उसके केयर इंस्ट्रक्शन टैग को जरूर पढ़ लें। अगर टैग पर सिर्फ ड्राईक्लीन लिखा है तो उसे घर पर धोने से बचना चाहिए। वहीं, अगर टैग पर हल्के हाथ से धोने की सलाह दी गई है, तो आप ऊपर बताए गए आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर साड़ी को साफ कर सकते हैं।


