आइये आज जानते है फ्राई से सूप तक, ब्रोकली की 6 टेस्टी और हेल्दी रेसिपी………

देहरादून: ब्रोकली का सेवन सेहत के लिए लाभकारी होता है। ये ऐसी सब्जी है जिसे बिना पकाए और हल्का फ्राई कर खाया जा सकता है। यहां पर ब्रोकली की 6 आसान रेसिपी बताई गई है, जिसे नाश्ते से डिनर तक के लिए बना सकते हैं।

ब्रोकली का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें कम कैलोरी होती है और फाइबर अधिक मात्रा में पाया जाता है। विटामिन C, विटामिन K और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ब्रोकली का सेवन कई तरह से किया जा सकता है। सुबह में नाश्ते से लेकर डिनर तक में इसे खा सकते हैं। आइए जानते हैं ब्रोकली की 6 हेल्दी रेसिपी, जिन्हें आप अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

1- लहसुन के साथ ब्रोकली स्टर-फ्राई
यह सबसे आसान रेसिपी है और इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती है। इसके लिए एक पैन में एक चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म कर लें। उसमें कटा हुआ लहसुन डालकर भून लें। अब कटी हुई ब्रोकली डालकर मध्यम आंच पर 5–7 मिनट तक चलाते हुए पका लें। इसमें थोड़ा नमक, काली मिर्च और नींबू का रस डाल कर खा सकते हैं। इसके साथ ही इसमें टोफू, पनीर और उबले चने भी मिला सकते हैं। इसे डिनर में बना सकते हैं।

2- ब्रोकली मूंग दाल सूप
अगर आपको सूप पसंद है, तो ब्रोकली मूंग दाल सूप बना सकते हैं। इसके लिए दो चम्मच पीली मूंग दाल उबाल लें। फिर एक पैन में थोड़ा तेल गर्म कर उसमें अदरक और लहसुन हल्का भूनें। अब इसमें कटी हुई ब्रोकली डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। जब ये पक जाए तो उबली हुई दाल और थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा कर लें। इसमें नमक और काली मिर्च डालकर लगभग 10 मिनट तक उबालें। या फिर इसे ब्लेंड करके स्मूद बना सकते हैं या ऐसे ही खा सकते हैं। इस सूप में दाल से प्रोटीन और ब्रोकली से फाइबर मिलता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इसे डिनर या हल्के लंच में लिया जा सकता है।

3- सीड्स के साथ रोस्टेड ब्रोकली
ब्रोकली को रोस्ट करके भी खा सकते हैं। इसके लिए एक पैन में ऑलिव ऑयल या फिर जो तेल आप खाते हों उसे डालकर हल्का गर्म कर लें। इसमें ब्रोकली, नमक और काली मिर्च डालकर 15-20 मिनट तक भून लें। इसके बाद ऊपर से कद्दू या सूरजमुखी के बीज डालकर खा सकते हैं। शाम में जब हल्की भूख लगती है तो उस दौरान इसे खा सकते हैं।

4- ब्रोकली पनीर भुर्जी
एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें। उसमें जीरा, कटा प्याज, अदरक और हरी मिर्च डालकर भून लें। फिर बारीक कटी ब्रोकली डालकर 5 मिनट पकाएं। इसके बाद इसमें पनीर मसलकर डाल दें। ऊपर से हल्दी, नमक और थोड़ा गरम मसाला डालकर 5 मिनट और पका लें।

5- ब्रोकली ओट्स चीला
ब्रोकली को नाश्ते में भी शामिल किया जा सकता है। इसके लिए आधा कप ओट्स को पीसकर आटा बना लें। अब इसमें बारीक कटी ब्रोकली, कद्दूकस की हुई गाजर, दही, नमक और थोड़ा पानी डालकर बैटर तैयार कर लें। एक पैन में थोड़ा तेल डालकर गर्म कर लें और फिर चीले की तरह फैला दें। दोनों तरफ से अच्छे से पका लें। इसे पुदीने की चटनी या दही के साथ खा सकते हैं।

6- ब्रोकली स्प्राउट्स सलाद
ब्रोकली को सलाद के रूप में भी खा सकते हैं। इसके लिए ब्रोकली को 2–3 मिनट हल्का स्टीम करें और ठंडा होने दें। अब एक बाउल में ब्रोकली, मिक्स स्प्राउट्स, खीरा, टमाटर और कद्दूकस की हुई गाजर को अच्छी तरह मिला लें। ऊपर से नींबू का रस, काली मिर्च और थोड़ा सेंधा नमक डाल लें। इसे सुबह नाश्ते में या फिर लंच के समय खाया जा सकता है।