उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग का बूम, मार्च से फिर गुलजार होंगी वादियां………

देहरादून: प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म नीति के कारण उत्तराखंड शूटिंग के लिए पसंदीदा जगह बन रहा है। मार्च से यहां कई बॉलीवुड और स्थानीय फिल्मों की शूटिंग शुरू होगी।

नैसर्गिक सुंदरता से परिपूर्ण उत्तराखंड की वादियां फिल्म शूटिंग के लिए बड़े गंतव्य के रूप में उभर रही हैं। फिल्म नीति के बाद मिल रही सब्सिड़ी के साथ ही यहां की लोकेशन फिल्म निर्माताओं को खूब भा रही है। यही वजह है कि मार्च से एक एक बार फिर इन वादियों के लाइट, कैमरा एक्शन शुरू हो जाएगा।

इसके लिए कुछ टीम उत्तराखंड में विभिन्न लोकेशन तलाशने के बाद वापस मुंबई रवाना हुई है। जिसमें कुछ वेबसीरीज और नई बालीवुड फिल्म भी शामिल हैं। साथ ही स्थानीय फिल्मों की शूटिंग की तैयारियां भी चल रही हैं।

विभिन्न क्षेत्रों में बॉलीवुड और स्थानीय फिल्मों की होगी शूटिंग
हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर-2 की अधिकांश शूटिंग उत्तराखंड में हुई। देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में इस फिल्म के दृश्य फिल्माए गए थे। अब मार्च में अभय देओल भी शूटिंग के लिए उत्तराखंड पहुंच सकते हैं। उनकी एक फिल्म के लिए यहां की रैकी हो चुकी है। बताया जा रहा कि फिल्म को लेकर अन्य कलाकार भी उनके साथ आएंगे। इसके अलावा एक अन्य बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग भी अप्रैल से शुरू होगी।

सब्सिड़ी से फिल्म निर्माताओं को खूब भा रही यहां की लोकेशन
स्थानीय फिल्मों की बात करें तो इसके लिए निर्माता निर्देशकों ने शूटिंग की तैयारी कर ली है। निर्माता निर्देशक अनुज जोशी की गढ़वाली फिल्म ‘लोग मेरा गौं का’, निर्देशक देबू रावत की ‘बैरी माया’ व ‘सुपन्यू’ की शूटिंग इसी महीने अंत से लेकर मार्च तक होगी। अशोक चौहान की ‘भग्यान’ फिल्म की शूटिंग भी टिहरी, देहरादून, ऋषिकेश में मार्च में होगी। इंप्रेशन ग्रुप के अतुल पैन्युली ने बताया कि बॉलीवुड की कुछ फिल्मों के लिए रैकी चल रही है।

फिल्म रिसोर्स डायरेक्टरी से निर्माता निर्देशकों को मिलेगी मदद
राज्य सरकार प्रदेश में फिल्म गतिविधियों को बढ़ाने के लिए उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत उत्तराखंड फ़िल्म विकास परिषद ने फिल्म जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत फिल्म रिसोर्स डायरेक्टरी तैयारी कर रही है। यह डायरेक्टरी उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत बन रही है। जिससे देश-विदेश से आने वाले फिल्म निर्माता, निर्देशक स्थानीय प्रतिभाओं की जानकारी प्राप्त कर उन्हें अपनी फिल्मों में मौका दे सकेगी।

फिल्म शूटिंग से पहले क्रू मेंबर परेशान न हो इसके लिए जहां भी शूटिंग होनी है वहां से नजदीकी होटल, एयरपोर्ट, स्टेशन, बाजार आदि की जानकारी फिल्म रिसोर्स डायरेक्टरी में उपलब्ध होगी।

इन मुख्य फिल्मों की हुई शूटिंग
बीते वर्ष की बात करें तो आखों की गुस्ताखियां, स्टूडेंट आफ द ईयर, भाभीजी घर पर हैं, विकी विद्या का वह वाला वीडियो, तिकड़म, पुतुल, रौतू का राज, तन्वी द ग्रेट, पास्ट टेंस, केसरी-2, मेरे हसबैंड की बीबी, बॉर्डर-2 आदि फिल्में शूट हुई। विभिन्न फिल्मों की शूटिंग के लिए दिव्येंदु शर्मा, विक्रांत मैसी, तापसी पन्नू, राघव जुयाल, जिमी शेरगिल, तृप्ति डिमरी, विक्की कौशल, वरुण धवन, सनी दओल आदि यहां आ चुके हैं।

राज्य में फिल्मों की अपार संभावना बता चुके हैं सुनील सेट्टी
बीते 17 जनवरी को दैनिक जागरण के फोरम में पहुंचे अभिनेता सुनील सेट्टी ने भी उत्तराखंड में फिल्मों की अपार संभावना बताई। उन्होंने काह कि यहां की लोकेशन बेहतरीन हैं। लेकिन सरकार को पहल करने की जरूरत है। यदि हम यहां फिल्म बना रहें तो स्थानीय कलाकारों का उपयोग करें और सरकार को उसी आधार पर सब्सिडी देनी चाहिए।