उत्तराखंड में यहाँ कॉलेज वर्चस्व की लड़ाई में छात्र की हत्या, तीन छात्र गिरफ्तार………

देहरादून: देहरादून से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई एक छात्र की जान ले गई। प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट में 22 वर्षीय छात्र की मौत हो गई।

मृतक की पहचान दिव्यांशु जाटराना (पुत्र अमित जाटराना, निवासी ग्राम अथाई, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, (हाल पता—प्रेमनगर, देहरादून) के रूप में हुई है, जो एक निजी यूनिवर्सिटी में छात्र था।

क्या है पूरा मामला ?
यह घटना 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में हुई, जहां छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए।

दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रही रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और मारपीट इतनी बढ़ गई कि दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को पहले CHC प्रेमनगर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल की एंबुलेंस खराब होने के चलते पुलिस ने अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान देर रात छात्र ने दम तोड़ दिया।

मुकदमा दर्ज, 3 आरोपी हिरासत में
परिजनों की शिकायत पर थाना प्रेमनगर में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। युवराज कुमार (20 वर्ष, BBA 2nd year),मधुर खंडेलवाल (19 वर्ष, B.Tech 3rd year) और शिवम शर्मा (20 वर्ष, B.Tech 3rd year)

कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुट एक ही निजी यूनिवर्सिटी के छात्र थे और लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी रंजिश ने इस घटना को हिंसक रूप दे दिया और एक छात्र की जान चली गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

देहरादून में कॉलेज छात्रों के बीच बढ़ती हिंसा एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्त कदम उठाने की जरूरत है।