उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से लुढ़का पारा, बढ़ी ठंड…….
देहरादून: तराई-भाबर क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है, जिससे फरवरी के मध्य में महसूस की जा रही गर्मी से राहत मिली है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री।
फरवरी मध्य तक तापमान में वृद्धि के साथ गर्मी महसूस की जाने लगी थी। लेकिन बुधवार से मौसम ने करवट बदल ली है। तराई-भाबर क्षेत्र में सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन तपिश नहीं होने की वजह से गर्मी से राहत महसूस की गई।
वहीं गुरुवार को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। कई इलाकों में बारिश जारी रही। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
अल्मोड़ा जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली। रिमझिम वर्षा का दौर जारी है। वर्षा के साथ ही सर्द हवा चलने से तापमान में गिरावट आ गयी है।कृषि विज्ञानी डॉ बी एम पांडे ने वर्षा को रबी की फसल के लिए बेहतर बताया है। मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा में अब तक 1.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के पारे में मंगलवार की अपेक्षा 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। 20 से 22 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। 23 फरवरी से फिर मौसम करवट बदल सकता है।


