उत्तराखंड में अर्धकुंभ 2027 पर रेलवे का महा-प्लान तैयार, हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बदलेगा सफर का अंदाज……..
देहरादून: वर्ष 2027 में हरिद्वार में लगने वाले अर्धकुंभ मेले को लेकर रेलवे ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस संबंध में उत्तराखंड सरकार और रेलवे अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय बनाकर रणनीति तैयार की जा रही है। मुरादाबाद डीआरएम विनीता श्रीवास्तव व उत्तराखंड सरकार से पिछले दिनों वार्ता भी हो चुकी है। इसके अलावा भी रेलवे अधिकारी व उत्तराखंड सरकार की कई चरणबद्ध तरीके से वार्ता का सिलसिला जारी है।
अर्धकुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और विभिन्न दिशाओं से आने वाले यात्रियों के आंकड़ों के आधार पर रेलवे अपनी व्यवस्थाएं तय करेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उत्तराखंड सरकार की ओर से यह जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी कि मेले के दौरान किन-किन राज्यों से और कितनी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच सकते हैं।
इसी के आधार पर रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त कोच और टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने की योजना तैयार करेगा, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। अर्धकुंभ को देखते हुए हरिद्वार के साथ ही योग नगरी ऋषिकेश, मोतीचूर और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही आसपास के छोटे स्टेशनों को भी विकसित किया जा रहा है।
आवश्यकता पड़ने पर इन स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव कराया जाएगा, जिससे हरिद्वार स्टेशन पर पड़ने वाले यात्री दबाव को कम किया जा सके। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, मोतीचूर और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों पर लगभग 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाले होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।
इन क्षेत्रों में यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और डिजिटल साइनेज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही स्टेशनों पर नए प्रवेश और निकास द्वार, बड़े वेटिंग रूम और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने का काम किया जा रहा है, जिससे अधिक कोच वाली ट्रेनें वहां आसानी से रुक सकें।
वहीं हरिद्वार और योग नगरी ऋषिकेश समेत अन्य स्टेशनों पर स्नानघर, शौचालय और पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था भी की जाएगी। अर्धकुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। स्टेशनों पर खानपान के स्टालों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
रेलवे अधिकारी लगातार कर रहे हैं निरीक्षण
मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव अर्धकुंभ की तैयारियों को लेकर हरिद्वार, मोतीचूर और ज्वालापुर स्टेशनों का निरीक्षण भी कर चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मकर संक्रांति से शुरू होकर अप्रैल तक चलने वाले अर्धकुंभ के दौरान मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी और माघ पूर्णिमा जैसे शाही स्नानों पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में रेलवे समय से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उत्तराखंड सरकार श्रद्धालु की संख्या की जानकारी देगी, इसके अनुसार रेलवे अपनी व्यवस्थाओं को बढ़ाएगा। लेकिन, अपने स्तर जो काम होने हैं, वह शुरू करा दिए गए हैं। हरिद्वार स्टेशन के अलावा मोतीचूर, ज्वालापुर व योग नगरी ऋषिकेश में भी व्यवस्थाएं बढ़ाई जाएंगी। :आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम


