आईये अब आलू-प्याज छोड़िए और होली पर मेहमानों को खिलाएं ये 5 अलग पकौड़े; हर कोई पूछेगा रेसिपी………
देहरादून: होली पर पकौड़े कई घरों मे बनाए जाते हैं, लेकिन हर बार आलू, प्याज और गोभी के पकौड़े खाकर बच्चे भी बोर हो जाते हैं तो इस बार आप 5 अलग तरह के पकौड़े ट्राई कीजिए, जिनको खाकर बच्चे से लेकर बड़े सभी खुश हो जाएंगे. आपकी होली भी यादगार बन जाएगी, अच्छी बात यह है कि इनको बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं लगती है और यह क्रिस्पी भी बनते हैं.
होली का त्योहार हो और घर में गरमा-गरम पकौड़े न बनें, ऐसा भला कैसे हो सकता है! आमतौर पर इस दिन घरों में गोभी, आलू या प्याज के पकौड़े ही बनाए जाते हैं, लेकिन अगर आप इस बार कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो ये पांच खास पकौड़े आपकी होली पार्टी का स्वाद दोगुना कर देंगे। ये रेसिपी स्वाद में लाजवाब हैं और बनाने में भी आसान हैं. होली पर इन अलग पकौड़ों को खाकर आपके घर आने वाले मेहमान भी खुद को आपकी तारीफ करने से रोक नहीं पाएंगे।
पालक के पकौड़े
पालक के पकौड़े कुरकुरे और हेल्दी दोनों होते हैं. इन्हें बनाने के लिए ताजी पालक की पत्तियां धोकर सुखा लें। एक बाउल में बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और थोड़ा सा चावल का आटा मिला लें। अब इसमें पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. अब पालक की पत्तियों को इस घोल में डुबोकर गरम तेल में फ्राई कर लें। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये पकौड़े सबको पसंद आएंगे, जिनको आप चटनी के साथ परोसें।
मोरिंगा के पकौड़े
मोरिंगा यानी सहजन हमारी हेल्थ के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं और इनकी पत्तियां पोषण से भरपूर होती हैं और इनके पकौड़े भी टेस्टी होते हैं. मोरिंगा के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले इन्हें डंठल से अलग कर अच्छी तरह धो लें। बेसन में हल्दी, धनिया पाउडर, हरी मिर्च और थोड़ा सा लहसुन पेस्ट मिलाएं। इसमें मोरिंगा की पत्तियां डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर तेल में सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। ये पकौड़े टेस्ट के साथ सेहत का भी ख्याल रखते हैं।
पत्तागोभी के पकौड़े
अगर आप कुछ क्रिस्पी पकौड़े खाना चाहते हैं तो इसके लिए आपके लिए पत्तागोभी के पकौड़े बेस्ट हैं. बारीक कटी पत्तागोभी में बेसन, नमक, मिर्च, गरम मसाला और थोड़ी सी कटी हरी धनिया मिलाएं। चाहें तो थोड़ा सा सूजी भी डाल सकते हैं, जिससे पकौड़े ज्यादा कुरकुरे बनेंगे। इस पेस्ट को तैयार करने के बाद छोटी-छोटी बॉल बनाकर गर्म तेल में फ्राई करें। इन्हें टमाटर सॉस या हरी चटनी के साथ गरमा गरम परोसें।
चिकन के पकौड़े
नॉन-वेज पसंद करने वालों के लिए चिकन पकौड़े होली पर खाने के लिए शानदार ऑप्शन हैं. चिकन पकौड़े बनाने के लिए आप बोनलेस चिकन के छोटे टुकड़े लें। इन्हें अदरक-लहसुन पेस्ट, नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च और नींबू रस के साथ 20 मिनट तक मेरिनेट कर लें। उसके बाद बेसन और थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर मिलाकर चिकन को कोट कर लें और फिर गरम तेल में डीप फ्राई करें. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से जूसी ये पकौड़े होली की महफिल में चार चांद लगा देंगे।
गुड़हल के पकौड़े
उत्तराखंड में गुड़हल के फूलों के पकौड़े खूब खाए जाते हैं, भले ही यह सुनने में भले ही अलग लगें, लेकिन टेस्ट में बेहद खास होते हैं. ताजे और साफ गुड़हल के फूलों के पकौड़े बहुत लाजवाब होते हैं. फ्रेश गुड़हल के फूल लें, एक कटोरे में बेसन में नमक, हल्दी, लाल मिर्च और थोड़ा सा चाट मसाला मिलाकर घोल बनाएं. फूलों को घोल में डुबोकर हल्का कुरकुरा होने तक डीप फ्राई कर लें।


