उत्तराखंड में अब राज्य आंदोलनकारियों को बड़ी सौगात, पेंशन राशि में वृद्धि का ऐलान……..

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के सम्मान एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए पेंशन राशि में बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला आंदोलनकारियों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सरकार द्वारा स्वीकृत संशोधित दरों के अनुसार, उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सात दिन तक जेल गए अथवा आंदोलन में घायल हुए आंदोलनकारियों की मासिक पेंशन ₹6000 से बढ़ाकर ₹7000 कर दी गई है।

इसी तरह, जेल या घायल श्रेणी से अलग अन्य राज्य आंदोलनकारियों को मिलने वाली पेंशन ₹4500 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह कर दी गई है।

आंदोलन के दौरान पूर्ण रूप से दिव्यांग होकर शय्याग्रस्त हुए आंदोलनकारियों के लिए दी जाने वाली विशेष पेंशन भी बढ़ाई गई है। यह राशि ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह कर दी गई है।

वहीं, राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों को मिलने वाली पेंशन ₹3000 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों का त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। राज्य सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह निर्णय आंदोलनकारियों एवं उनके परिवारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और आभार का प्रतीक है।