चलिए आज रात की बची हुई रोटियों से बनाएं Crispy Roti Roll, साथ में सर्व करें खट्टी-मीठी इमली की चटनी, जानें स्वादिष्ट Snacks की रेसिपी…….
देहरादून: रात में अगर रोटियां बच जाएं तो उन्हें हटाने की बजाय आप सुबह टेस्टी नाश्ता बना सकती हैं। इसके साथ आप खट्टी-मीठी इमली की चटनी भी बना सकती हैं। आइए जानें इनकी रेसिपी।
रोटी के बिना भारतीय थाली अधूरी मानी जाती है। हर घर में इसे बनाया और खाया जाता है। अक्सर रात में रोटियां बच जाती हैं। या तो उन्हें हटा दिया जाता है या कभी-कभी सुबह दोबारा गर्म करके खा लिया जाता है। लेकिन क्या आपको पता है आप रात की बची हुई रोटियों से ऐसा क्रिस्पी नाश्ता बना सकती हैं जिसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा। बची हुई रोटियों से आप क्रिस्पी रोटी रोल्स बना सकते हैं। इसे आप खट्टी-मीठी इमली की चटनी के साथ सर्व करें।
सामग्री-
4 बची हुई रोटियां
1 कप बेसन
½ कप पानी या आवश्यकतानुसार
3 हरी मिर्च
1 इंच अदरक
5-6 लहसुन की कलियां
½ छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी नमक
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
एक चुटकी हींग
1 छोटा चम्मच अजवाइन
½ छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच तिल
1 छोटा चम्मच चीनी
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
½ कप धनिया पत्ती
1 कप कटी हुई पालक पत्ती
तलने के लिए तेल
खट्टी-मीठी इमली की चटनी
4 बड़े चम्मच इमली का गूदा
3 बड़े चम्मच कटा हुआ प्याज
3 बड़े चम्मच कटा हुआ धनिया पत्ती
1 कटी हुई हरी मिर्च
½ छोटा चम्मच काला नमक
2 बड़े चम्मच चीनी
आवश्यकतानुसार पानी
रोटी से इस तरह बनाएं क्रिस्पी रोल्स
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 1 कप बेसन लें। उसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर गाढ़ा घोल बनाएं। इसे 2 मिनट तक फेंटें जब तक वह हल्का और फूला हुआ न हो जाए। फिर ब्लेंडर में 3 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक, 5-6 लहसुन की कलियां डालें। साथ ही जीरा और एक चुटकी नमक डालकर दरदरा पेस्ट बना लें।
अब आपको इस पेस्ट को घोल में मिला दें। फिर हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हींग, अजवाइन, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक डालें। फिर तिल, चीनी, नींबू का रस, धनिया पत्ती और कटी हुई पालक पत्ती डालें। इन्हें भी मिला लें। आपका घोल तैयार है। अब एक रोटी लें और उस पर घोल फैला दें। इसके बाद रोटी को बेलें और इसी तरह से सारी रोटियां बना लें।
अब आपको एक पैन लेना है। उसमें 3-4 कप पानी उबालें। फिर उसमें छेद वाली प्लेट रखें और तेल से चिकना कर लें। फिर आपको प्लेट पर रोटी रोल रखना है। इसके बाद ढककर तेज़ आंच पर 12-15 मिनट तक भाप में पकाएं। रोटी अच्छी तरह पक जाने पर गैस बंद कर दें और रोटी रोल को ठंडा होने दें। फिर रोटी रोल को मध्यम मोटाई के टुकड़ों में काट लें और अलग रख दें। अब तेल गरम करें और रोटी रोल को मध्यम-तेज आंच पर दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक तलें। इसी तरह सारी रोटी रोल तल लें।
खट्टी-मीठी इमली की चटनी कैसे बनाएं।
एक कटोरे में 4 बड़े चम्मच इमली का गूदा, 3 बड़े चम्मच कटा हुआ प्याज, 3 बड़े चम्मच कटा हुआ हरा धनिया, 1 कटी हुई हरी मिर्च, ½ छोटा चम्मच काला नमक, 2 बड़े चम्मच चीनी और थोड़ा पानी डालें। अच्छी तरह मिलाएं। खट्टी-मीठी इमली की चटनी रोटी रोल के साथ परोसने के लिए तैयार है।


