आइये आज घर पर बनाएं टेस्टी करेले का भर्ता, इस तरह कड़वाहट भी होगी कम……
देहरादून: करेला सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। हालांकि, इसकी कड़वाहट कई लोगों को पसंद नहीं आती। ऐसे में आप करेले का भर्ता आसानी से तैयार कर सकते हैं।
करेले की सब्जी को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, लेकिन कड़वाहट की वजह से कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आती है। ऐसे में करेले का भर्ता एक बेहतर विकल्प है। विभिन्न मसालों के मिश्रण से इसका जायका भी बेहतरीन हो जाता है। इसमें विटामिन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
करेले का भर्ता बनाने की सामग्री-
करेला: 500 ग्राम
प्याज: दो
लहसुन: 5-6 कलियां
हरी मिर्च: दो
टमाटर: तीन
जीरा: एक चम्मच
राई: आधा चम्मच
हल्दी पाउडर: एक चम्मच
धनिया पाउडर: एक चम्मच
गरम मसाला: एक चम्मच
अमचूर पाउडर: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
करेले का भर्ता बनाने की विधि-
स्टेप-1
सबसे पहले करेले को धो लें और बीच से चीरा लगाकर चम्मच से बीज निकाल दें। इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करें और उबाल आने पर उसमें करेले डाल दें। साथ ही हल्दी और थोड़ा-सा नमक भी मिला दें। पांच से सात मिनट तक इन्हें उबलने दें। ऐसा करने से करेले की कड़वाहट कम हो जाएगी।
स्टेप-2
इसके बाद करेले को निकालकर उनका पानी अच्छी तरह सूखा लें। फिर करेले को सींक में लगाकर आग पर दो से तीन मिनट तक भूनें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई तथा जीरा डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद कटा हुआ प्याज, लहसुन और हरी मिर्च डालकर चम्मच से चलाते हुए भूनें। जब प्याज में हल्का लाल रंग आ जाए, तो उसमें कटे हुए टमाटर डाल दें। फिर कड़ाही में हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर, नमक और थोड़ा-सा पानी डाल दें।
स्टेप-3
जब गाढ़ी तरी बन जाए, तो उसमें करेले डालकर अच्छी तरह मिला लें और ढक्कन लगाकर पांच से सात मिनट तक पकाएं। जब करेले नरम हो जाएं, तो एक बड़े चम्मच की मदद से उन्हें अच्छी तरह मसल दें। फिर धीमी आंच पर दो से तीन मिनट तक पकाएं और अंत में इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिला दें। इसे रोटी, ब्रेड या चावल के साथ परोसा जा सकता है।


