आइये जानते है नमकपारे और लच्छा मठरी बनाने की आसान रेसिपी, कुरकुरी और स्वादिष्ट बनाने के लिए करें ये काम………

देहरादून: होली पर मेहमान घर आते हैं तो उन्हें ठंडाई के साथ-साथ कुछ स्नैक्स भी सर्व किए जाते हैं। होली आने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं ऐसे में आप नमकपारे और लच्छा मठरी बनाकर स्टोर कर सकते हैं।

होली आने से पहले ही घरों में तरह-तरह के पकवान और व्यंजन बनने शुरू हो जाते है। गुजिया, मठरी, नमकपारे, बेसन के सेव, पापड़ जैसी चीजें अक्सर सभी घरों में बनती हैं। अगर आप भी होली स्नैक्स बनाने का सोच रही हैं तो यहां नमकपारे और लच्छा मठरी बनाने की आसान रेसिपी बताई गई है। इससे आपको कुरकुरी और स्वादिष्ट नमकपारे और लच्छा मठरी बनाने में मदद मिलेगी।

होली पर इस तरह बनाएं नमकपारे
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

मैदा- 2 कप
तेल- ¼ कप (मैदा में मिलाने के लिए)
नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
अजवायन- ½ छोटी चम्मच
तेल- नमकपारे तलने के लिए

नमकपारे कैसे बनाते हैं
कुरकुरे और स्वादिष्ट नमकपारे बनाने के लिए सबसे जरूरी है उसकी मैदा ठीक गूंथी जाए। इसके लिए मैदा में नमक, अजवायन और तेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा करके पानी मिलाते जाएं और पूरी जैसा सख्त आटा गूंथ लें। अब आपको इसे हाथों से मसल-मसलकर चिकना करना है। इसे करीब आधे घंटे के लिए ढककर रख दें। इसके बाद फिर से आटे को मसलकर चिकना कर लें। अब कड़ाई में तेल डालकर गरम करें। फिर आटे को 2 भागों में बांट लें। एक भाग को ढाककर रख दें। वहीं दूसरे को गोल कर लें। फिर चकला बेलन की मदद से बड़ी पूरी की तरह बेल लें। फिर बेली हुई बड़ी पूरी को ¾ इंच के चौकोर में काटकर तैयार करें। अब कड़ाई में मैदे की जरा सी गोली बनाकर डालकर देखे। यह धीरे-धीरे सिककर ऊपर आ जाए, तो तेल उपयुक्त गरम है। नहीं तो थोड़ा इंतजार करें। तेल ज्यादा गर्म भी नहीं होना चाहिए नहीं तो यह लाल हो जाएंगे। गरम तेल में चौकोर टुकड़े डाल दें। धीमी आंच पर इन्हें अच्छे से ब्राउन होने तक लें।

होली स्नैक्स के लिए लच्छा मठरी बनाने की विधि
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1 कप मैदा
3 चम्मच सूजी
1 चम्मच अजवाइन
3 छोटी चम्मच मोयन के घी/ कुकिंग ऑयल
1/2 चम्मच कसूरी मेथी (वैकल्पिक)
आवश्यकतानुसार पानी
स्वाद के अनुसार नमक

लच्छा मठरी बनाने के लिए किसी बर्तन में मैदा छान लें। फिर उसमें अजवाइन डालें। इसके बाद जरूरत के अनुसार मोयन यानी घी या कुकिंग ऑयल डालें। फिर नमक डालकर सभी चीजों को मिलाएं। फिर घी, मैदे और सूजी में अच्छी तरह से मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मीडियम सख्त आटा लगाएं। सेट होने के लिए कपड़े से ढककर 15 मिनट के लिए रख दें। फिर इसे दोबारा मसाल लें। चिकना कर लें। फिर टुकड़ों में बांट लें। एक भाग लेकर पतली रोटी से थोड़ा मोटा बेल लें।

फिर इससे पतली- पतली स्ट्रीप्स काटें। जब यह कट जाएं तो आपको 4 या 5 स्ट्रीप्स लेनी है। इन्हें एक साथ लेकर घुमाते जाएं और रोल करते जाएं। लास्ट में फोल्ड करते हुए सिरे को उसमें फंसा दें। ऐसा करने से यह तलते समय नहीं खुलेंगे। कड़ाई में तेल गरम करें। फ्लेम को लो रखें। मठरी को अलट- पलट कर सुनहरे होने तक डीप फ्राई करें।